HomeNewsRajasthanJodhpur Jodhpur

शिकार मामले में सर्वाधिक सजा सल्लू के नाम

जोधपुर. salmankhan किसी हिरण शिकार प्रकरण में फिल्म अभिनेता सलमान खान संभवतया ऐसे पहले आरोपी हैं, जिनको सबसे अधिक पांच साल की सजा सुनाई गई।

अब तक शिकार के जितने मामलों में अभियुक्तों को सजा हुई हैं, उन्हें अधिकतम तीन साल तक ही सजा हुई। वन विभाग व पुलिस के आंकड़ों पर नजर डालें तो पैंतीस साल पहले वन्य जीव संरक्षण अधिनियम बनने के बाद लंबी सजा पाने वाले सलमान पहले व्यक्ति हैं। किसी सेलिब्रिटी को मिली इस कड़ी सजा के क्या मायने हैं? इसे लेकर अभियोजन और बचाव पक्ष समेत वन्यजीव प्रेमियों की अपनी-अपली दलीलें हैं। लेकिन यह तय है कि इस बहुचर्चित हिरण शिकार प्रकरण में एक सेलिब्रिटी पर कसे शिकंजे ने वन्यजीव संरक्षण से जुड़े कानून के प्रति लोगों को ज्यादा जागरुक किया है।

सलमान खान के खिलाफ वन विभाग ने 2 अक्टूबर 1998 को कांकाणी में दो हिरण शिकार मारने पर वन्य जीव संरक्षण अधिनियम के तहत पहला मुकदमा दर्ज किया था, जो कि अभी कोर्ट में लंबित है। जबकि मथानिया पुलिस में दर्ज किए घोड़ाफार्म हाउस शिकार प्रकरण में सलमान को पांच साल की सजा सुनाई गई। उस सजा को सेशन कोर्ट ने भी बहाल रखा और सलमान को जेल में एक सप्ताह बिताना पड़ा।

पहले अधिकतम सजा तीन साल रही
वन विभाग, पुलिस व कोर्ट के आंकड़ों पर नजर डालें तो वन्यजीवों की सुरक्षा के लिए 1972 में वन्य जीव संरक्षण अधिनियम बनने के बाद हिरण शिकार प्रकरण में सलमान से पहले अधिकतम तीन साल की सजा सुनाई गई है। जोधपुर संभाग के लिए वन विभाग में अलग से वन्य जीव विंग 1991 में स्थापित की गई। इसके बाद इस अधिनियम के तहत 600 मुकदमें दर्ज किए गए। इसमें 400 मामलों में जुर्माना लेकर मामला रफा दफा कर दिया। 40 में एफआर लग गई और 100 मामले लंबित चल रहे है। 90 मुकदमों में कोर्ट में चालान पेश हो पाए। सलमान के एक मामले सहित 67 मुकदमें अभी कोर्ट में पेंडिंग हैं और 23 मामलों में सजा हो पाई ।

गौरतलब है कि इन 23 मामलों में किसी आरोपी को तीन साल से अधिक सजा नहीं मिल पाई है। कानून बनने के बाद वन्य जीव संरक्षण अधिनियम के तहत सलमान ही पहले ऐसे आरोपी है ,जिन्हें पांच साल की सजा मिली है। हालांकि उन्हें सजा सुनाए जाने के बाद कल्याणपुरा में हिरण शिकार करने और पीछा करने पर पुलिस कांस्टेबल गंगाराम की हत्या करने के मामले में पांच साल की सजा हुई है।

कानून में सजा का प्रावधान
वन्य जीव संरक्षण अधिनियम की धारा 51 के तहत अधिकतम छह साल और कम से कम एक साल की सजा का प्रावधान है।

* ‘ शिकार प्रकरणों में विभाग की यही प्रयास रहता है कि आरोपी को सजा मिल पाए,मगर वन्य जीव सुरक्षा अधिनियम बनने के बाद सलमान खान ही पहले ऐसे आरोपी है, जिन्हें सबसे अधिक पांच साल की सजा सुनाई गई ’।
राजन माथुर,मुख्य वन संरक्षक (वन्य जीव)

* ‘सलमान के खिलाफ विश्नोई समाज ने लामबंद होकर विरोध किया और पहली बार हिरण मारने वाले किसी आरोपी के खिलाफ कोर्ट में कानूनी लड़ाई लड़ी गई। शायद इसी वजह से वन्य जीव सुरक्षा अधिनियम बनने के बाद पहली बार सलमान को ही अधिकतम पांच साल की सजा मिल पाई है’।
महिपाल विश्नोई, सलमान के खिलाफ विश्नोई समाज के वकील।

* ‘वन्य जीव सुरक्षा अधिनियम के बनने के बाद देश भर में सलमान खान ही पहले ऐसे आरोपी है,जिन्हें पांच साल की सजा सुनाई गई है । शायद उनको सेलिब्रिटी होने का खामियाजा भुगतना पड़ गया’।
हस्तीमल सारस्वत, सलमान के वकील।

* ‘वन्य जीव सुरक्षा अधिनियम के तहत पुलिस के किसी मुकदमे में सलमान से पहले किसी आरोपी को पांच साल की सजा मिली हो ,उनकी जानकारी में नहीं है’
एनआर के रेड्डी ,पुलिस आईजी , जोधपुर रेंज ।





अपने विचार यहां लिखें
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: