रेवाड़ी. सर! प्लीज हमें ट्रैकशूट दिला दो। ट्रैकसूट के बिना हम मार्चपॉस्ट में भाग नहीं ले पाएंगे। रेवाड़ी के उपायुक्त चंद्रप्रकाश के सामने यह गुहार राज्यस्तरीय प्रतियोगिता में भाग लेने जा रहे खिलाड़ियों ने लगाई है।
अपने दम पर तैयारी कर खंड स्तर और जिला स्तर पर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाकर अब इन 40 खिलाड़ियों को राज्यस्तरीय 24 अक्टूबर से नरवाना में होने वाली ग्रामीण खेलकूद प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए जाना है परंतु खेल का सामान न होने से ये खिलाड़ी बेबस हैं। थक-हारकर इन खिलाड़ियों ने मंगलवार को रेवाड़ी के उपायुक्त को ज्ञापन सौंपकर खेल का सामान उपलब्ध करवाने की गुहार लगाई है।
..तो पिताजी काम पर लगा देंगे
उपायुक्त से मिलने वाले ये खिलाड़ी कहने को तो राज्यस्तरीय टीम खेलों में भगा लेंगे लेकिन कमीज का टूटा बटन, फटी पेंट व चेहरे के पीछे की खामोशी उनकी घर की आर्थिक स्थिति को बयां करती है।
वॉलीबाल अंडर 16 आयु वर्ग टीम के कप्तान पवन, खो-खो टीम के कप्तान मुकेश कुमार, 35 भार वर्ग कुश्ती के जिला विजेता राहुल, 15 सौ मीटर के जिला चैंपियन जीवनदास, 100 व 200 मीटर दौड़ में प्रथम व राज्य में स्कूल स्पर्धा में चौथा स्थान हासिल करने वाले प्रवीण कुमार ने बताया कि अगर वे बिना खेले घर लौटे तो पिताजी उन्हें खेतीबाड़ी या अन्य कामधंधे में लगा देंगे।
क्या करें पीटीआई
खिलाड़ियों का नेतृत्व कर रहे पीटीआई बलवान सिंह व ब्रrानंद ने बताया कि 24 अक्टूबर से नरवाना में राज्यस्तरीय ग्रामीण खेलकूद प्रतियोगिता होनी है। खेल एवं युवा कार्यक्रम विभाग के अधिकारियों ने खिलाड़ियों को खेल का सामान देने से मना कर दिया। ऐसे में वे प्रेक्टिस कैसे कर पाएंगे। बिना ट्रैकशूट हमारे खिलाड़ी मार्चपॉस्ट में भी भाग नहीं ले सकते।
>> खिलाड़ियों को सामान उपलब्ध करवाने के निर्देश दे दिए गए हैं। सभी खिलाड़ियों को खेल का सामान नरवाना में ही भिजवा दिया जाएगा। खिलाड़ियों का बजट बढ़ाने के लिए राज्य सरकार को भी पत्र लिखा जाएगा।
-चंद्रप्रकाश, उपायुक्त, रेवाड़ी