कोटा. इन दिनों शहर में लोन पर्व चल रहा है। नई कार या बाइक खरीदने के लिए राष्ट्रीयकृत बैंकों और फाइनेंस कंपनियों ने फेस्टिवल बोनांजा ऑफर शुरू कर दिए
हैं। अक्टूबर और नवंबर में लोन की सौगात से कई घरों में खुशियों के दीपक जगमगाएंगे। इस बार बाइक की तुलना में नई कार खरीदने वालों की तादाद ज्यादा है।
बैंको की होड़ का फायदा
बैंकों में ग्राहकों को ज्यादा से ज्यादा ऋण देने की होड़ का सीधा फायदा ग्राहकों को मिल रहा है। वाहन शोरुम पर ही कई बैंको ने काउंटर्स खोल दिए है। बैंक ऋण योजनाओं को टेलरमेड प्रॉडक्ट की तरह प्रचारित कर रहे हैं।
लोन ऑन फोन
आईसीआईसीआई बैंक ने अपने खाताधारियों के लिए लोन ऑन फोन सुविधा शुरू की है। इसमें 20 हजार से 15 लाख तक का लोन फोन पर ही स्वीकृत किया जा रहा है।
राज्य कर्मचारियों के लिए टॉप अप सुविधा
आप राज्य कर्मचारी हैं और पर्सनल लोन लेना चाहते हैं तो एसबीबीजे ने दीवाली पर आपके लिए मोबाइल की तरह टॉप-अप सुविधा शुरू की है। इसमें एक लाख रुपए के लोन में से आधी राशि चुकाने के बाद 50 हजार रुपए का लोन फिर से मिल सकता है।
लोन कितना
पर्सनल लोन- मासिक वेतन का 12 गुना
कार लोन- मासिक वेतन का 18 गुना
होम लोन- मासिक वेतन का 60 गुना
टू व्हीलर पर वार्षिक ब्याज दरें
सिटी फाइनेंशियल- 10.5%
इंडसिइंड बैंक- 11%
एचडीएफसी बैंक- 12.5%
आईसीआईसीआई बैंक- 13.5%
कमल ऑटो फाइनेंस- 4.99% फ्लेट
* दस अक्टूबर से 30 नवंबर तक फेस्टिवल बोनांजा में कार व पर्सनल लोन पर बैंक द्वारा ब्याज दर में 0.50 फीसदी छूट दी जा रही है।
—डीपी वर्मा, लोन अधिकारी, एसबीबीजे, एअरोड्रम सर्किल
* रोज 50 से 60 ग्राहकों को लोन स्वीकृत किए जा रहे हैं। खाताधारी बिना डॉक्यूमेंट लोन ले सकते हैं।
—वाहिद अली, सीनियर सेल्स एग्जीक्यूटिव, आईसीआईसीआई बैंक
* कोटा में 99 फीसदी कारें फाइनेंस की जा रही हैं। इन हाउस फाइनेंस, कम पेपर और सरकारी कर्मचारियों को 7 साल अवधि की फाइनेंस सुविधा मिलने से 30 फीसदी बिक्री बढ़ी है।
—अजयसिंह शेखावत, सेल्स मैनेजर
* इस बार नवंबर-दिसंबर तक पीक सीजन रहने की उम्मीद है। मार्केट में मनी फ्लो आना बाकी है। कस्टमर्स नई स्कीम का इंतजार कर रहे हैं।
—पंकज भटनागर, सेल्स मैनेजर
* इस सीजन में 2 हजार वाहनों की बिक्री का लक्ष्य है। सिक्योरिटी डिपॉजिट स्कीम में 50 फीसदी राशि देने पर शून्य प्रतिशत ब्याज दर होगी।
—अंशुल कासलीवाल
* इस सीजन में अब तक 278 बाइक की बिक्री फाइनेंस से हुई है। 30 हजार रुपए के लोन पर 2 ग्राम सोने का सिक्का या शून्य प्रतिशत ब्याज दर दे रहे हैं।
—श्याम फतेहपुरिया