HomeNewsRajasthanUdaipur Udaipur

कटे होंठ-तालु का नि:शुल्क ऑपरेशन

उदयपुर. लेकसिटी के जी.बी.एच. अमेरिकन हॉस्पीटल में जन्मजात कटे होंठ व तालु से पीड़ित रोगियों का इलाज नि:शुल्क होगा।

यह जानकारी हॉस्पीटल के निदेशक डॉ. देव कोठारी ने दी। उन्होंने बताया कि इस प्रोजेक्ट का शुभारंभ बुधवार को होगा जिसमें दो बच्चों की शल्य चिकित्सा की जाएगी। प्रोजेक्ट के लिए अमेरिका की गैर सरकारी संस्था ‘स्माइल ट्रेन’ चिकित्सालयों को कटे होंठ व तालु के उपचार के लिए आर्थिक मदद करती है। संस्था के सहयोग से नि:शुल्क इलाज होगा। प्रदेश में जयपुर, कोटा तथा माउंट आबू में ‘स्माइल ट्रेन’ कार्यक्रम के तहत संबंधित चिकित्सालयों में इलाज हो रहा है। यह सुविधा शुरू करने वाला अमेरिकन हॉस्पीटल दक्षिणी राजस्थान का पहला हॉस्पीटल होगा।

डॉ. गुरु कुलभूषण ने बताया कि कटे होंठ व तालू पर एक रोगी पर लगभग लाख से सवा लाख का खर्चा आता है, लेकिन यह सारा खर्च प्रोजेक्ट के तहत वहन किया जाएगा। कटे होंठ पीड़ित बच्चे चार माह या उससे अधिक तथा कटे तालु से पीड़ित बच्चे एक वर्ष या उससे अधिक होने पर ही उपचार किया जाएगा। उपचार से पूर्व रक्त की जांच व छाती का एक्स-रे भी हॉस्पीटल में नि:शुल्क किया जाएगा। सर्जरी के बाद पीड़ित को तीन-चार दिन भर्ती रखा जाएगा। उन्होंने बताया कि ‘स्माइल ट्रेन’ संस्था विश्व के 65 देशों में तथा भारत में 112 से अधिक सहयोगी हॉस्पीटल के साथ मिलकर कार्य कर रही है।

डॉ. मनी भटनागर ने बताया कि परियोजना में गरीब और अमीर दोनों रोगियों का इलाज नि:शुल्क होगा, लेकिन यह रोग जन्मजात होना जरूरी होगा। शल्य चिकित्सा के दौरान दवाई व भोजन की सुविधा भी नि:शुल्क रहेगी। यही नहीं रोगियों को बाद में आवश्यकता पड़ने पर होने वाला उपचार भी नि:शुल्क होगा।





अपने विचार यहां लिखें
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: