जोधपुर.
बॉलीवुड अभिनेता सलमान खान काले हिरन (चिंकारा) शिकार मामले में आज राजस्थान हाईकोर्ट में हाजिर हुए। हाईकोर्ट के डिप्टी रजिस्ट्रार दफ्तर में सलमान उपस्थित हुए। वे करीब पौने बारह बजे अदालत परिसर में पहुंचे और दस मिनट में दोनों अदालतों में अपनी हाजरी लगाने के बाद होटल रवाना हो गए।
हाईकोर्ट में पहले पुराने मामलों की सुनवाई होगी और बाद में सूची के अनुसार नम्बर आने पर इसे सुनवाई के लिए लिया जाएगा। इसमें 6 से 7 साल तक का समय लग सकता है जब तक सलमान जमानत पर रहेंगे।
सलमान खान मंगलवार शाम जोधपुर पहुंचे। गत 31 अगस्त को हाईकोर्ट ने सलमान को निचली अदालत के पांच साल की सजा सुनाने के फैसले को स्थगित करते हुए अगली पेशी पर कोर्ट में हाजिर होने के आदेश दिए थे।
इससे पहले मंगलवार को सलमान मुंबई से शाम करीब साढ़े छह बजे फ्लाइट से अपने वकील दीपेश मेहता के साथ जोधपुर एयरपोर्ट पर पहुंचे। एयरपोर्ट के बाहर आते ही मीडिया पर्सन के किसी सवाल का जवाब दिए बिना होटल के लिए रवाना हो गए।
सलमान खान पर आरोप है कि उन्होंने फिल्म हम साथ साथ हैं कि शूटिंग के दौरान काले हिरन (चिंकारा) का शिकार किया था।