|
नई दिल्ली. ऐतिहासिक इमारत लाल किले के बाहर बम होने की सूचना देने वाले एक फोन के बाद गुरुवार को बम निरोधी दस्तों और डॉग स्क्वाड्स द्वारा इमारत के आसपास खोजबीन किए जाने के बाद इस सूचना को अफवाह करार दे दिया गया।
पुलिस और फायर फाइटर्स ने क्षेत्र की पूरी तरह से तलाशी लेने के बाद इस अज्ञात फोन कॉल को करीब एक घंटे बाद गलत सूचना करार दिया। इससे पहले दिल्ली पुलिस के प्रवक्ता राजन भगत ने कहा कि एक अज्ञात व्यक्ति ने फायर कंट्रोल रूम को आज शाम करीब 5.45 बजे फोन पर सूचना दी कि लाल किले के बाहर एक बम रखा गया है। विभाग ने तत्काल पुलिस को सूचना दी और फौरन कार्रवाई करते हुए कई सुरक्षा टीमें मौके के लिए रवाना कर दी गईं।
भगत ने बताया कि कोई भी संदिग्ध चीज पुलिस को नहीं मिली है और पुलिस कॉल करने वाले व्यक्ति की पहचान करने में जुटी हुई है। तलाशी के दौरान रक्षात्मक उपाय करते हुए पुलिस ने किले के आसपास के इलाकों को खाली करा दिया।