दांतों से जुड़ी परेशानियों के लिए पान-तंबाकू ही काफी थे, जिस पर गुटखा की लत ने तो रिकॉर्ड तोड़ दिया। क्या बच्चे और क्या बुजुर्ग, ज्यादातर गुटखा और पान-मसाले के
पाउच गटकते दिखते हैं। यही वजह है कि दंत रोग भी रिकॉर्ड तोड़ रहे हैं।
एक ताजा सर्वेक्षण के अनुसार देश के 78 प्रतिशत लोग दंत रोग की चपेट में हैं। खास बात यह कि दंत रोग गुटखे की दीवानी युवा पीढ़ी पर सबसे ज्यादा धावा बोल रहे हैं। क्योंकि युवा क़िस्म-क़िस्म की हर नई चीज पर तेजी से लपकते हैं। विशेषज्ञों का कहना है कि पान, गुटखा, तंबाकू, सुपारी या फिर पान-मसाले दांतों की उम्र तो कम करते ही हैं, इनसे खाने वाले की उम्र के लिए भी ख़तरा हो सकता है।
डॉक्टर्स कहते हैं कि इन चीजों के अधिक इस्तेमाल से दांतों में कई प्रकार के रोग पनपते हैं, उनसे खून आने लगता है और दांत कमजोर होते चले जाते हैं। जाहिर है दांतों के हिलने पर भोजन के अलावा अन्य चीजों खाने में भी परेशानी होती है। ऐसी स्थिति में दांतों को किस तरह सलामत रखा जा सकता है, जान लीजिए..
* खाने का सोडा और पिसी हल्दी मिलाकर दिन में तीन बार मंजन करें। दांत मजबूत होंगे।
* पीपली, सेंधा नमक और जीरा बराबर मात्रा में पीसकर मंजन बनाएं। रोजाना सुबह-शाम इससे मंजन करें, दांतों का हिलना बंद होगा।
* जामुन की गुठली सुखाकर उसका पाउडर बनाएं। रोजाना इससे दांत मांजने से मसूढ़ों से खून आना और दांतों का हिलना बंद होगा।
* जामुन की पत्तियां चबाने से भी दांतों का हिलना बंद होता है।
* अजवाइन खुरासानी, वायविडिंग, अकरकरा तीनों को समान मात्रा में कूटकर छान लें। इसमें दो बूंद लौंग का तेल मिलाकर मंजन करने पर दांतों का हिलना बंद होता है।
* यदि दांत अधिक हिलते हैं, तो उन पर सेहुंड का दूध लगाने से लाभ मिलता है।
* 10 ग्राम गेरू में 100 ग्राम सफेद फिटकरी मिलाकर मंजन बनाएं और इसे रोजाना सुबह-शाम अच्छी तरह दांतों पर रगड़ें, दांतों का हिलना रुकेगा।
* सरसों के तेल में चुटकी भर नमक मिलाकर मंजन करने से दांतों में खून आना बंद होता है।
दांतों की पूर्व सुरक्षा
* पहली बात, यदि आप दांतों के साथ स्वयं को भी स्वस्थ रखना चाहते हैं, तो पान, गुटखा, तंबाकू जैसी चीजों से दूर रहें।
* भोजन करने और अन्य कोई भी चीज खाने के बाद अच्छी तरह कुल्ला करना चाहिए। साथ ही दांतों में फंसे कणों को ब्रश या नीम अथवा चांदी की बारीक तीली से धीरे से निकाल देना चाहिए।
* सोने से पहले दांतों को अच्छी तरह अवश्य साफ करें।
* अधिक ठंडा और अधिक गर्म खान-पान न करें, साथ-साथ तो बिल्कुल नहीं। इससे दांतों में दर्द होने के साथ, दांत कमजोर भी होते हैं।
* अधिक खटाई खाना दांतों के लिए नुकसानदायक है।
* हरी सब्जी का सेवन दांतों की चमक बढ़ाता है।
* मौसमी फल खाने और उनका रस पीने से भी दांत नीरोग रहते हैं।