Astrology
Astro Speak Astro Speak अंक ज्योतिष.
जिन व्यक्तियों की जन्मतिथि किसी भी अंग्रेजी माह की ४, १३, २२ या ३१ तारीख है, उनका मूलांक ‘४’ कहलाता है। इस मूलांक के मुख्य कारक ग्रह सूर्य और यूरेनस होते हैं। जनवरी-फरवरी माह में जन्में व्यक्तियों के जीवन पर सूर्य यूरेनस के साथ शनि ग्रह, मार्च और दिसंबर वालों को गुरु, अप्रैल और नवंबर वालों को मंगल, मई वालों को शुक्र, जून, अगस्त और सितंबर वालों को बुध, जुलाई वालों को चंद्र और नेपच्यून, अक्टूबर वालों पर शुक्र और शनि का अतिरिक्त प्रभाव पड़ता है।
इनके जीवन में यूरेनस के प्रभाव का बड़ा महत्व है। यह इस मूलांक वाले व्यक्ति को विचारों और कार्य में इतना मौलिक और स्वतंत्र बनाता है कि अधिकांश लोग इनको विचित्र व सनकी समझने लगते हैं।
स्वभाव :
मूलांक 4 वाले व्यक्ति लीक से हटकर चलना चाहते हैं। दूसरों की योजनाओं से आसानी से सहमत नहीं होते तथा निकट-संबंधी भी इनका साथ देने में कठिनाई महसूस करते हैं। ये अंकुश और आलोचना सहन नहीं करते। धर्म और जीवन के प्रति इनके विचार लीक से हटकर होते हैं।
स्वास्थ्य :
मूलांक 4 वाले व्यक्ति जीवनशक्ति की कमी के कारण ही बीमार होते हैं। इन्हें विचित्र रोग होते हैं, ये भविष्य को लेकर चिंतित रहते हैं।
आर्थिक स्थिति :
यद्यपि मूलांक 4 वालों को जीवन में कई समस्याओं व उलझनों का सामना करना पड़ता है, फिर भी इनकी आर्थिक स्थिति अच्छी रहती है। घर को सजाने एवं सुख-सुविधाओं के सामान पर बहुत व्यय करते हैं। ऐसे व्यक्ति तीक्ष्ण बुद्धि व दूसरों पर अविश्वास से आर्थिक मामलों में अपनी स्थिति सुदृढ़ बना लेते हैं।
व्यवसाय व कार्यरुचि :
मूलांक 4 वाले व्यक्ति अच्छे व्यापारी, ट्रांसपोर्टर, ठेकेदार, उद्योगपति, राजनेता, वैज्ञानिक, डिजाइनर, वकील, मैकेनिक, स्टोरकीपर, क्लर्क, स्टेनोग्राफर, शिक्षाविद्, विद्युत से जुड़े कार्य, वायुमंडल, रेलवे, ज्योतिष व जादू के विद्वान होते हैं। इन्हें बिजली तथा कृषि के कार्यो में अधिक लाभ होता है।
ऐसे व्यक्ति तेल, शराब, गैस, पेट्रोलियम पदार्थो, तंबाकू, बिजली उपकरण व कंप्यूटर के व्यवसाय में सफलता पा सकते हैं। जीवन व व्यवसाय में बाधाएं बनी रहती हैं। २0 जनवरी से १८ फरवरी के बीच विशेष रूप से नौकरी एवं आर्थिक स्थिति से संबंधित घटनाएं घटित होती हैं। २२ जुलाई से २१ अगस्त के बीच कार्यो में विघ्न तथा हानि का योग बनता है।
प्रेम संबंध, विवाह व संतान :
मूलांक 4 वालों का स्वाभाविक तौर पर आकर्षण मूलांक १, २, ४, ७, ८ वाले पुरुषों अथवा स्त्रियों की ओर अधिक रहता है। कई बार प्रेम विवाह की संभावना भी बन जाती है, परंतु प्रेम संबंध अधिक नहीं रहते। कई परिस्थितियों में जीवनसाथी का साथ छूट जाता है तथा एकाकी जीवन जीना पड़ता है।
यदि ऐसा नहीं होता तो जीवनसाथी प्राय: रोगी रहता है। घरेलू वातावरण में कलह बनी रहती है। इस मूलांक वालों की अपने पिता से भी अनबन होती है और कभी-कभी पिता का साथ नहीं मिलता है।
यात्रा :
मूलांक 4 वाले यद्यपि एक स्थान पर रहना पसंद करते हैं। यात्रा में विशेष रुचि नहीं होती, फिर भी विशेष कारणों से यात्राएं करनी पड़ती हैं। यात्रा में दुर्घटना का भय बना रहता है।
शुभ रंग :
मूलांक 4 वालों के लिए धूप-छांव का रंग शुभ होता है। नीला, खाकी, भूरा रंग भी विशेष शुभ माना गया है।
मित्र व शत्रु अंक :
अति मित्र १,4 एवं मित्र २,३,६,7 अंक और शत्रु अंक 8 और 9 हैं।
शुभ तिथियां :
मूलांक 4 वालों के लिए प्रत्येक माह की 4, १३, २२, ३१ तारीख शुभ होती हैं। मूलांक १, २ वाली तारीखें भी इन्हें प्रभावित करती हैं।
शुभ दिन :
मूलांक 4 वालों के लिए रविवार, सोमवार, शनिवार एवं बुधवार दिन शुभ माने जाते हैं।
गुरु मंत्र :
इस मूलांक वालों का जीवन उतार-चढ़ाव वाला होता है। इन्हें मानसिक शांति के लिए गोमेद रत्न पंचधातु की अंगूठी में बुधवार को धारण करना चाहिए। यदि बार-बार बाधाएं आती हों तो नीले रंग से परहेज करें। घर के आगे कूड़ा-करकट न रहने दें। आंगन में हमेशा सफाई रखें। मानसिक आराम के लिए गरीबों को खाना खिलाएं।