News
Chhattisgarh
Raipur Raipur अंबागढ़ चौकी.
विवादों से घिरी अंबागढ़-चौकी पुलिस अब सागौन तस्करी के मामले में फंस गई है। नेतामटोला व अरजकुंड के ग्रामीणों ने चौकी थाने की जीप (सीजी03, 1147) को सागौन के पलंग व सात नग पल्लों समेत रंगे हाथ पकड़ा है। ग्रामीणों ने जीप व सागौन को वन विभाग के सुपुर्द किया है। थाने के दो आरक्षकों को वन विभाग ने आरोपी बनाया है।
पुलिस जीप को जब्त कर आरोपियों व वाहन के खिलाफ वन अधिनियम 1969 व परिवहन एक्ट 2001 के तहत कार्रवाई कर रही है। पुलिस हालांकि तस्करी के आरोपों को झूठा बता रही है, पर घटना स्थल की परिस्थितियों व ग्रामीणों के सवालों का पुलिस के पास कोई जवाब नहीं है। घेराबंदी कर जीप को पकड़ा अरजकुंड व नेतामटोला के ग्रामीणों ने उक्त जीप को रात दस बजे घेराबंदी कर पकड़ा। घटना शुक्रवार की रात की है।
इस समय जीप में थाने के आरक्षक सेवक शर्मा व अजरुन ठाकुर सवार थे। इसके साथ बढ़ई कबीराज भी मौजूद था। जानकारी के अनुसार ग्रामीणों ने जब यह जीप को घेरा इस समय यहां सागौन के पलंग व पल्लों का वाहन में रखा जा रहा था। जब ग्रामीणों की कार्रवाई का मौजूद आरक्षकों ने प्रतिरोध किया, तब ग्रामीणों ने घटना की सूचना वन विभाग के कर्मचारियों को दे दी।
घटनास्थल पर चार-पांच घंटे तक विवाद व एक-दूसरे को मनाने का दौर चलता रहा। जब बात नहीं बनी तो ग्रामीण जीप के आगे आकर खड़े हो गए और गाड़ी को आगे बढ़ने नहीं दिया। इसके बाद वन कर्मचारियों व ग्रामीणों ने प्रात: चार बजे पुलिस जीप को जब्त सागौन लकड़ी सहित कौड़ीकसा फारेस्ट डिपो लाया।
दो आरक्षक आरोपी बने :
वन विभाग ने सागौन लकड़ी तस्करी के मामले में चौकी थाने की जीप को जप्त कर लिया है। वन विभाग के एसडीओ आरए दुबे ने बताया कि चौकी थाने के आरक्षक सेवकराम शर्मा, अजरुन ठाकुर एवं ग्रामीण कलीराम के खिलाफ वन अधिनियम के तहत कार्रवाई की जा रही है।