भोपाल. बीना से होकर नई दिल्ली से भोपाल आने वाली राजधानी, शताब्दी, भोपाल एक्सप्रेस समेत सभी ट्रेनें घंटों की देरी से पहुंच रही हैं। इसकी वजह बीना स्टेशन पर इन दिनों चल रहा रिले इंटर लाकिंग (आरआरआई) का काम है।
ट्रेनों की लेट-लतीफी का यह सिलसिला अगले तीन-चार दिन तक लगातार जारी रहेगा। विभागीय सूत्रों के अनुसार शनिवार दोपहर एक से शाम 4.30 बजे तक बीना स्टेशन पर आरआरआई काम के लिए सिग्नल पाइंट हटाए गए थे।
ये ट्रेनें देर से र्आई : शनिवार को गोंडवाना एक्सप्रेस 4.45 घंटे, एपी एक्सप्रेस 3.15 घंटे, राजधानी एक्सप्रेस 1 घंटा, भोपाल एक्सप्रेस 1 घंटा, तमिलनाडु एक्सप्रेस 1.25 घंटे, मालवा एक्सप्रेस 2.10 घंटे, हालीडे स्पेशल 4.40 घंटे, दक्षिण एक्सप्रेस 1.15 घंटे, जोधपुर-भोपाल एक्सप्रेस 5.45 घंटे, शताब्दी एक्सप्रेस 30 मिनट, कर्नाटक एक्सप्रेस 1.40 घंटे, बैंगलोर संपर्क क्रांति एक्सप्रेस 2.25 घंटे, पंजाबमेल 2.30 घंटे देरी से भोपाल पहुंचीं।
इस दौरान किसी भी ट्रेन को स्टेशन से नहीं निकाला गया। अपडाउन की ढेरों मेल-एक्सप्रेस व मालगाड़ी ट्रेनों को कुरवाई, मंडीबामोरा, कलार, बरेठ, गंजबासौदा स्टेशनों पर घंटों खड़ा रखा गया। जिसके बाद एक-एक कर ट्रेनों को धीमी रफ्तार से भोपाल की तरफ रवाना किया गया।