HomeNewsMetrosBhopal Bhopal

अरेरा कालोनी में लूट

भोपाल. अरेरा कालोनी की लाला लाजपतराय सोसायटी के रमन अपार्टमेंट की तीसरी मंजिल स्थित फ्लैट पर हथियारबंद बदमाशों ने महिला के पैर बांधकर नगदी समेत एक लाख रुपए के जेवर ले गए। घटना के बाद इलाके में दहशत है।

ई-7 अरेरा कालोनी के रमन अपार्टमेंट में कमल गंगलानी रहते हैं और उनकी ग्यारह नंबर स्टाप पर किराने की दुकान है। शनिवार की दोपहर उनकी पत्नी अंकिता और ढाई साल की बच्ची खुशी घर पर थे। बेटा साहिल (8) ट्यूशन गया था।

करीब साढ़े तीन बजे तीन युवक श्री गंगलानी के घर पहुंचे और बेल बजाकर दरवाजा खुलवाया। श्रीमती गंगलानी ने दरवाजा खोला तो युवकों ने पड़ोस के बंद फ्लैट में रहने वाले व्यक्ति के संबंध में पूछा कि वे कब आएंगे।

श्रीमती गंगलानी ने बताया कि वे उनके बारे में कुछ नहीं बता सकती। इसके बाद उन्होंने दरवाजा बंद कर लिया। पांच मिनट बाद युवकों ने दोबारा दरवाजा खुलवाया और श्रीमती गंगलानी से लिखने के लिए पेन मांगा। जब वे पेन लेने अंदर गई तभी तीनों युवक घर के अंदर आ गए। बदमाशों ने चाकू और पिस्टल से धमकाते हुए श्रीमती गंगलानी से मंगलसूत्र, सोने की चूड़ियां, अंगूठी उतरवा ली।

बदमाश उनको अलमारी के पास ले गए और उसमें रखे जेवर व नगदी भी निकाल लिए। जाते समय बदमाश श्रीमती गंगलानी के पैर साड़ी से बांधकर उन्हें एक कमरे में बंद कर मुख्य द्वार को भी बाहर से बंद कर गए। बदमाश श्री गंगलानी का मोबाइल फोन भी ले गए। दस मिनिट बाद श्रीमती गंगलानी किसी तरह बालकनी के करीब पहुंची वहां से पड़ोसियों को बुलाया। पड़ोसियों ने जाकर दरवाजा खोला और श्रीमती गंगलानी के पैर खोले।

एक दिन पहले भी आए थे बदमाश:
श्रीमती गंगलानी ने बताया कि जिन बदमाशों ने उनके साथ यह वारदात की है, उनमें से दो युवक शुक्रवार की दोपहर भी पड़ोसी के संबंध में पूछताछ कर गए थे। शनिवार की दोपहर श्री गंगलानी घर से खाने का टिफिन लेकर दुकान के लिए निकले थे, इसके पांच मिनट बाद ही बदमाश उनके घर पहुंचे थे। घटना के समय उनकी बेटी सो रही थी। उन्होंने बताया कि एक बदमाश मोटा तथा दो सामान्य कद के थे।

शाम छह बजे दी पुलिस को सूचना :
श्री गंगलानी के मुताबिक घटना के बाद पड़ोसियों ने उन्हें फोन पर जानकारी दी थी। इसके बाद उन्होंने अपने बड़े भाई को फोन करके बताया। उनके भाई की छह नंबर पर दुकान है। भाई का इंतजार करते शाम हो गई। जब उनके भाई घर पहुंचे तब उन्होंने हबीबगंज पुलिस को वारदात के संबंध में जानकारी दी। इसके बाद हरकत में आई पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और कार्रवाई शुरू की।

फ्लैट में रहते हैं छात्र:
रमन अपार्टमेंट में सोलह फ्लैट हैं, जिसमें से पांच फ्लैट छात्रों के पास किराए पर हैं। जिसमें पच्चीस से ज्यादा छात्र रहते हैं। अपार्टमेंट के रहवासियों का कहना है कि छात्रों की गतिविधियां संदिग्ध हैं। यहां देर रात तक छात्र और छात्राओं का आना जाना रहता है। पुलिस ने भी इन छात्रों की जानकारी इकट्ठा नहीं की है।

बदमाशों का कम्प्यूटर चित्र बनेगा :
पुलिस बदमाशों की तलाश के लिए श्रीमती गंगलानी द्वारा बताए गए हुलिए के आधार पर उनका कम्प्यूटर चित्र तैयार करेगी।

महिला की चेन झपटी
गौतम नगर इलाके में शनिवार की शाम बाइक सवार दो बदमाश एक शिक्षिका के गले से सोने की चेन झपट कर ले गए। पुलिस के मुताबिक रचना नगर निवासी ओमप्रकाश अवस्थी की पत्नी पूनम (38) शासकीय हायर सेकंडरी स्कूल ग्यारह सौ क्वार्टर में शिक्षिका हैं। श्रीमती अवस्थी शनिवार की शाम अपने दो पहिया वाहन से घर जा रहीं थी।

जब वे औद्योगिक विकास निगम कार्यालय के पास पहुंची तभी पीछे से आए बाइक सवार दो बदमाशों ने उनके गले से सोने की चेन झपट ली। श्रीमती अवस्थी ने शोर भी मचाया, लेकिन तब तक लुटेरे आंखों से ओझल हो गए। पुलिस ने श्रीमती अवस्थी की शिकायत पर लूट का प्रकरण दर्ज किया है।

सावधान! कहीं भी लुट सकते हैं आप
अगर आप राजधानी में रहते हैं, तो कहीं भी लूट का शिकार हो सकते हैं। यह जगह सड़क, बाजार, सूनी सड़क या आपका घर भी हो सकती है। यदि आप महिला हैं तो और सावधान रहने की जरूरत है। बदमाशों पर पुलिस का खौफ खत्म हो गया है।

लुटेरे महिलाओं के गले से चेन झपट रहे थे। लोगों को सरेआम चाकू अड़ा रहे थे, अब वे घरों में घुसकर वारदात कर रहे हैं। पुलिस असहाय है। वह लुटेरों को पकड़ने का दावा समय-समय पर करती है, लेकिन लूट की घटनाएं थमती नहीं हैं।

अब तक 138
इस साल अब तक लूट की 138 वारदातें हो चुकी हैं। इसमें चेन झपटने की 88 घटनाएं हैं। पुलिस लुटेरों को पकड़ने का दावा करती है, लेकिन वारदात रुकती नहीं हैं।





अपने विचार यहां लिखें
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: