अजमेर. सिंगर स्नेहा पंत ने कहा कि बचपन से कॅरियर तय स्पीड से बढ़ रहा है, इसमें बूम जैसी कोई बात नहीं है। वे रविवार को होने वाले कला अंकुर के संगीत
कार्यक्रम में प्रस्तुति देने र्आई हैं।
‘भास्कर’ से बातचीत में उन्होंने कहा कि उनका लक्ष्य रीमिक्स सिंगर के बजाय प्लेबैक सिंगर बनना है। स्नेहा ने कहा कि अगर कॅरियर में बूम आता है तो सिंगर एक हद तक ही ऊपर जा पाता है, फिर उसकी लोकप्रियता कम होने लगती है। अपने कॅरियर से वे इसलिए भी खुश हैं क्योंकि बचपन से जो भी हासिल किया, उसे बड़ी उपलब्धि की तरह लिया।
ओरिजनल को कॉपी किया
उन्होंने ईमानदारी से स्वीकारा कि वे रीमिक्स गानों को ओरिजनल जैसा गाने की कोशिश करती हैं। उन्होंने कहा कि डीजे खुद चाहे जितना ओरिजनल म्यूजिक से अलग म्यूजिक इस्तेमाल कर लें, उन्हें ओरिजनल स्टाइल कॉपी करने की ही सलाह देते हैं।
स्नेहा का कहना था कि कई अच्छे गाने उन्होंने कभी नहीं सुने थे। रीमिक्स करते वक्त उनके बारे में जाना और पसंद किया। वे इसी तरह के गाने रीमिक्स के जरिए युवाओं तक पहुंचाना चाहती हैं।
‘हल्ला’ बोलने को तैयार
जल्द ही ऐसी कई बड़ी फिल्में आने वाली हैं, जिनमें उन्होंने आवाज दी है। स्नेहा इनमें से सुभाष घई की ‘ब्लैक एण्ड व्हाईट’, राजकुमार संतोषी की ‘हल्ला बोल’ और ‘मोनोपॉली’ को महत्वपूर्ण मानती हैं। उनका सपना संगीतकार एआर रहमान के लिए गाना और प्लेबैक सिंगिंग में नाम कमाना है।