अजमेर. दरगाह बम विस्फोट मामले में पुलिस ने शुक्रवार को मुरादाबाद में एक संदिग्ध युवक को हिरासत में लिया है। उससे पूछताछ की जा रही है। इधर झारखंड के गोड्डा जिले से पकड़े गए खुशीबुर्रहमान को लेकर पुलिस दल के रविवार को अजमेर पहुंचने की संभावना है।
पुलिस के अनुसार दरगाह विस्फोट मामले में संदिग्ध लोगों से की जा रही पूछताछ के दौरान मिली सूचना के आधार पर मुरादाबाद के कटघर थाना क्षेत्र के करूला निवासी अतीक को हिरासत में लिया गया। आपराधिक पृष्ठ भूमि होने के कारण भी उसे जांच के घेरे में लिया गया। उससे गहन पूछताछ की जा रही है।
खुशीबुर्रहमान को लेकर आज आएगा दल
झारखंड के गोड्डा जिले के चंदा गांव से पकड़े गए खुशीबुर्रहमान, उसके भाई कुदरूस और भतीजे को लेकर पुलिस दल शनिवार रात तक अजमेर नहीं पहुंचा। एसआइटी के डीआइजी पून्नू चामी ने दल के रविवार सुबह तक अजमेर पहुंचने की जानकारी दी है। खुशीबुर्रहमान के मोबाइल फोन की कॉल हिस्ट्री निकाली गई है। उसके सम्पर्क सूत्रों को भी जांच के घेरे में लिया गया है।
मुरादाबाद से जुड़े आतंकियों के तार
उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद में आतंकियों के संबंध पूर्व में उजागर हो चुके हैं। ग्वालियर में वर्ष 2002 में पकड़े गए पाक जासूस का ड्राइविंग लाइसेंस मुरादाबाद से जारी होने का खुलासा हुआ था। वाराणसी बम ब्लास्ट में भी दो आरोपी मुरादाबाद से पकड़े गए थे। संदिग्ध अतीक का भी अपराधिक रिकॉर्ड है।