पुष्कर. प्रज्ञा बाल निकेतन के छात्र ने शनिवार को अपने साथी पर चाकू से हमला कर दिया। स्कूल परिसर के बाहर हुई सरेआम चाकूबाजी की घटना से कस्बे में
सनसनी फैल गई। इधर स्कूल प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई करते हुए हमला करने वाले छात्र का नाम काट दिया है।
स्कूल की छुट्टी के बाद शनिवार दोपहर को 10वीं कक्षा के छात्र भुवनेश्वर टांक एवं गुलशन झगड़ रहे थे। दोनों में विवाद होते देख 9वीं के छात्र अविनाश नागौरी ने उनका बीच-बचाव किया। इस पर भुवनेश्वर को गुस्सा आ गया। उसने अपनी पेंट की जेब से चाकू निकाल कर अविनाश पर हमला बोल दिया।
जानकारी के मुताबिक भुवनेश्वर ने अविनाश पर चाकू से दो वार किए। पहला वार लीवर एवं किडनी के बीच तथा दूसरा वार दाहिने हाथ पर होने से अविनाश गंभीर रूप से घायल हो गया। उसके हाथ से खून बहने लगा। घटना के बाद हमलावर छात्र मौके से भाग गया। वहीं अविनाश को लोगों ने उसे अस्पताल पहुंचाया। घटना की सूचना मिलते ही अविनाश के परिवारजन अस्पताल पहुंच गए।
डॉक्टरों के अनुसार उसके हाथ पर गहरा जख्म है। उसे प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी। पुलिस ने घायल छात्र के पिता मनोज नागौरी की रिपोर्ट के आधार पर हमलावर छात्र के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
गौरतलब है कि प्रज्ञा बाल निकेतन माध्यमिक स्कूल इससे पहले भी सुर्खियों में रहा था। पिछले दिनों स्कूल की टीचर प्रभा जोराटिया ने गत महीने चार बच्चों की बेरहमी से पिटाई की थी। इसके बाद अभिभाभवकों ने स्कूल में हंगामा मचाया था। मामले में एक छात्र के पिता ने शिक्षिका के खिलाफ थाने में रिपोर्ट भी दर्ज कराई थी।
* घटना को स्कूल प्रशासन ने गंभीरता से लिया है। हमलावर छात्र भुवनेश्वर का स्कूल से नाम काट दिया है। उसे सोमवार को टीसी दी जाएगी।
-एपी श्रीवास्तव, सचिव, शिक्षा समिति, प्रज्ञा बाल निकेतन
* छात्रों के बीच झगड़ा स्कूल के बाहर हुआ था। स्कूल में आज भारतीय संस्कृति ज्ञान की परीक्षा थी। परीक्षा के दौरान सभी छात्रों की तलाशी ली गई। उस समय किसी भी छात्र के पास चाकू नहीं था।
-वीर शंकर शर्मा, व्यवस्थापक गायत्री शक्ति पीठ एवं सदस्य स्कूल शिक्षा समिति