भोपाल.
जून-जुलाई से खराब पड़े ‘डायल 100 हेल्प लाइन सेवा’ के कम्प्यूटर सिस्टम्स अब तक सुधरने का इंतजार कर रहे हैं। यहां रोजाना लगभग 400 से 500 कॉल आते हैं। इन सिस्टम के बंद होने से सबसे ज्यादा परेशानी हेल्प लाइन सेवा के ऑपरेटर्स और संबंधित अधिकारियों को हो रही है।
सिस्टम्स के खराब होने के कारण हेल्प लाइन सेवा में कॉल आने पर उसी समय संबंधित व्यक्ति का डाटा नहीं मिलता, जिससे मिलने वाली सूचना को क्रॉस चेक करने में समय लगता है।
कब और कैसे बंद हुए सिस्टम
05 जून 07 को अचानक डायल 100 हेल्प लाइन के कम्प्यूटर सिस्टम्स में परेशानी आई, जिसकी लिखित जानकारी 06 जून 07 को अधिकारियों को दी गई। करीब एक महीने बाद कम्प्यूटर सिस्टम्स ने काम करना भी बंद कर दिया लेकिन उन्हें ठीक करने के लिए कोई कार्रवाई नहीं की गई। इस दौरान एक दिन के लिए ‘डायल 100 हेल्प लाइन सेवा’ बंद भी रही।
इसके बाद इसे मुख्य सिस्टम से अलग कर सीधे तौर पर कनेक्ट कर दिया गया। सिस्टम्स को रिपेयर करने का ऑर्डर जिस कंपनी को दिया गया उसके रीजनल मैनेजर और सर्विस इंजीनियर का कहना है कि सिस्टम चेक करने के लिए बुलाया तो गया, लेकिन रिपेयर करने की सूचना अक्टूबर में दी गई। वे कहते हैं कि प्रॉब्लम देखकर लगता है कि पूरे सिस्टम को री-इंस्टॉल करना होगा।
क्या करता है कम्प्यूटर सिस्टम
पुलिस आधुनिकीकारण के तहत जनवरी 2005 में ‘डायल 100 हेल्प लाइन’ में कम्प्यूटर सिस्टम्स लगाए गए थे, जिनमें तीन सर्वर और एक कंट्रोल मैनेजर टर्मिनल लगाए गए थे। इनका काम 100 नंबर पर आने वाले इनकमिंग कॉल्स का रिकार्ड तैयार करना एवं कॉल आते ही उसका ब्यौरा ऑपरेटर को उपल्ब्ध कराना होता है। इससे कॉल के आते ही सूचना को क्रॉस चेक किया जा सकता है।
होती है परेशानी
स्पेक्टर (रेडियो) बीएम शाक्य बताते हैं कि कॉल्स अटेन्ड करने के लिए यहां आठ इनकमिंग फोन लाइन्स पर तीन ऑपरेटर मौजूद रहते हैं। जब से कम्प्यूटर सिस्टम्स खराब हुए हैं मुख्य मशीन पर कॉल का रिकार्ड तैयार नहीं हो रहा और न ही कॉल करने वाले की जानकारी उसी समय मिल पाती है, जिससे परेशानी होती है। हालांकि उन्होंने इसकी लिखित जानकारी जून में ही अधिकारियों को भेज दी थी। फिलहाल सिस्टम सही करने का काम चल रहा है।
रजिस्टर में रिकॉर्ड हो रहा है डाटा
ऑपरेटर माधुरी, नीता और प्रतिमा बताती हैं कि अगर कोई गुमराह करने वाला या अश्लील कॉल आता है तो उसी समय कॉल करने वाले की जानकारी नहीं मिल पाती। कुछ नंबर्स पर कॉलर आईडी तो लगे हैं, लेकिन उनके नंबर ट्रेस करने में कुछ समय तो लगता ही है। कम्प्यूटर सिस्टम्स के खराब होने के कारण पूरा रिकार्ड रजिस्टर में तैयार किया जा रहा है।
जल्दी ही शुरू होगा
>> हेल्प लाइन नंबर पर आने वाले कॉल्स की जानकारी ऑपरेटर को उपलब्ध कराने एवं रिकार्ड तैयार करने वाले मुख्य सिस्टम को रिपेयर होने में कुछ ज्यादा समय जरूर लग गया है, लेकिन यह जल्दी सुधर जाएगा।
अनंत कुमार सिंह, एसपी
हैलो..सुनाई नहीं दे रहा
कम्प्यूटर सिस्टम्स को रिपेयर करने में हो रही देरी पर जब ‘सिटी भास्कर’ ने डीएसपी रेडियो, भोपाल रेंज संदेश जैन से बात की तो पहले तो उन्होंने पूरा मामला सुना और फिर कोई जवाब देने के बजाए हैलो..हैलो.. करते हुए, सुनाई न देने का बहाना बनाकर फोन काट दिया।