इंदौर. भागीरथपुरा में हुई पांच नन से मारपीट के विरोध में शनिवार को ईसाई समाज के सभी स्कूल बंद रहे। मामला बढ़ता देख पुलिस ने तीन लोगों के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया जिसमें एक नामजद है। आरोपी की रिपोर्ट पर ईसाई समाज के सात लोगों के खिलाफ भी प्रकरण दर्ज किया गया।
गुरुवार को भागीरथपुरा में पांच ननों पर धर्म परिवर्तन का आरोप लगाकर मारपीट की गई। इसके विरोध में शनिवार को शहर के सभी ईसाई स्कूल बंद रहे। समाज के विरोध को देखते हुए बाणगंगा पुलिस ने शनिवार को शिवचरण मंजू और दो अज्ञात आरोपियों पर प्रकरण दर्ज किया। साथ ही शिवचरण की रिपोर्ट पर सुगंधी नन, अनिल, श्वेता, अन्ना, कविता, सरयूजा, जिंसी जोसफ के खिलाफ भी धर्म परिवर्तन के आरोप में प्रकरण दर्ज किया गया।
स्कूल बंद होने की जानकारी अभिभावकों को पहले नहीं दी गई थी इसलिए बच्चे स्कूल पहुंच गए और परेशान हुए। कैथोलिक सभा के धर्म प्रांतीय अध्यक्ष शर्मन विसेंट फ्रांसिस ने बताया गुरुवार को सभी नन ईसाई ड्राइवर के बीमार परिजन को देखने उसके घर गई थीं। मौकापरस्त लोगों ने बिना सोचे-समझे हमला कर दिया। उन्हें सिर, कंधे तथा पैरों पर चोट आई।
शहर कांग्रेस ने भी निंदा की है। अध्यक्ष प्रमोद टंडन ने कहा कुछ लोग सांप्रदायिक तनाव फैलाना चाह रहे हैं। पूर्व विधायक रामलाल यादव, राजेश चौकसे, अनिल यादव, अशोक जैन, अभय दुबे ने भी घटना की निंदा की।
समिट न बिगड़े इसलिए..
श्री फ्रांसिस ने बताया शहर में इन्वेस्टर्स समिट न बिगड़े इसलिए विरोध प्रदर्शन नहीं किया। अगला विरोध कैसे होगा इसके लिए बैठक रखी जा रही है। शनिवार को स्कूल बंद रहने के कारण जो अभिभावक परेशान हुए हम उनसे माफी चाहते हैं।