कोटा.
बंगाली कॉलोनी की सड़क पर शनिवार को एक ट्रक ने मोपेड सवार छात्रा को टक्कर मार दी। उसकी निजी अस्पताल में मौत हो गई। उसका एक दिन बाद जन्मदिन था।
बंगाली कॉलोनी निवासी 17 वर्षीय प्रिया विजय पुत्री अनिल विजय मोपेड से तलवंडी ट्यूशन पढ़ने जा रही थी। घर से अभी वह कुछ दूरी पर निकली ही थी कि उसे ट्रक ने पीछे से टक्कर मार दी। वह नीचे गिर पड़ी उस पर से ट्रक के पहिए गुजर गए। किसी ने प्रिया के परिजनों को इसकी सूचना दी। वह तुरंत उसे एक निजी अस्पताल ले गए। जहां उसने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया। पुलिस ने मौके पर पहुंच कर ट्रक जब्त कर ट्रक चालक मोड़क निवासी रघुवीर को गिरफ्तार कर लिया है।
जन्मदिन की हसरत अधूरी रही
प्रिया का रविवार को जन्म दिन था। शनिवार को प्रिया स्कूल से आते समय अपनी सहेलियों से जन्मदिन का न्यौता देकर आई थी। वह घर पर भी जन्मदिन को लेकर बहुत खुश थी। वह एक दिन पहले से ही जन्मदिन की तैयारी में जुट गई थी। परिवार वाले भी उसके जन्मदिन को लेकर बेहद खुश थे, लेकिन उन्हें क्या पता था कि प्रिया अब कभी अपना जन्मदिन नहीं मना सकेगी।
नहीं थमे पिता के आंसू
जब पिता को इस हादसे की सूचना दी तो वह बेहाल हो गए। उनके आंखों से अश्रुधारा बह निकली। रिश्तेदारों एवं पड़ोसियों ने ढाढ़स बंधाया। प्रिया की मौत से मोहल्ले में मातम छा गया।
मौत बन गया ट्रक
सुबह से ही कॉलोनी में ट्रक खड़ा हुआ था। जब वह ट्यूशन के लिए रवाना हुई तब ही ट्रक रवाना हुआ था। और उसने टक्कर मार दी।
भाई की हसरत भी अधूरी रही
प्रिया की दर्दनाक मौत के बाद उसके छोटे भाई चित्रांश की कलाई सूनी हो गई। उसे रविवार को दीदी का बर्थ डे मनाने की तैयारी कर रहा था।