HomeNewsMadhya PradeshGwalior Gwalior

फरवरी से मिलेगा ककैटो का पानी

ग्वालियर. अप्रैल में आने वाली पेयजल समस्या से निजात पाने की तैयारी नगर निगम ने शुरू कर दी है। इसके लिए राज्य शासन से 12 करोड़ 90 लाख रुपए की स्वीकृति मिल चुकी है। महापौर विवेक शेजवलकर ने शनिवार को पत्रकारों को बताया कि फरवरी से ककैटो से तिघरा डैम तक पानी लाना शुरू कर दिया जाएगा।

महापौर ने कहा कि शहर में इस वर्ष कुल 444 मिलीमीटर बारिश हुई है जबकि तिघरा जलाशय के कैचमेंट एरिया में 384 मिलीमीटर वर्षा हुई है। इससे तिघरा जलाशय अपनी पूरी क्षमता का लगभग 25 प्रतिशत ही भर पाया है। तिघरा में जो पानी मौजूद है, उससे एक दिन छोड़कर शहर को 31 मार्च 08 तक ही पेयजल की आपूर्ति की जा सकती है।

यदि शहर को सितम्बर 08 तक पानी उपलब्ध कराना है तो लगभग 750 एमसीएफटी अतिरिक्त पानी की आवश्यकता होगी। महापौर ने कहा कि इसकी पूर्ति के लिए निगमायुक्त डा. पवन शर्मा की ओर से जलसंसाधान विभाग की मदद से ककैटो डैम से पेहसारी डैम के जरिये पानी लाने के लिए 15.45 करोड़ रुपए का एक प्रस्ताव राज्य शासन को भेजा गया था।

इस पर गत दिवस राज्य शासन ने 12.90 करोड़ रुपए की स्वीकृति दे दी है साथ ही पांच करोड़ रुपए की प्रथम किस्त भी जारी कर दी है। महापौर ने कहा कि जलसंसाधन विभाग ने पेहसारी डैम से निकलने वाली नहर के संधारण समेत अन्य कार्यों के लिए टेंडर बुलाने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।

निगम का ऐसा अनुमान है कि फरवरी से तिघरा डैम में पानी आना शुरू हो जाएगा। वर्तमान में ककैटो डैम से 1389 एमसीएफटी तथा पेहसारी डैम से 900 एमसीएफटी इस तरह कुल 2289 एमसीएफटी पानी तिघरा लाने के लिए उपलब्ध है।

इसके अलावा ग्रीष्मकाल में पेयजल संकट के निराकरण के लिए शासन की ओर शहरी पेयजलापूर्ति के लिए नलकूप खनन, पावर पंप, स्थापना, पाइप लाइन बिछाना, विभिन्न स्थानों पर पीवीसी टैंक स्थापित करना तथा बूस्टर पंप लगाने के लिए 7.44 करोड़ रुपए तथा ऐसे स्थान जहां नलकूप की जल आवक क्षमता अत्यंत कम हो गई है, अथवा नलकूपों के सूखने का अनुमान है, वहां पेयजल परिवहन के लिए 2.52 करोड़ की योजना भी शासन को भेजी गई है।

रोप वे का मामला अब किनारे पर
रोपवे के मामले में शनिवार को महापौर विवेक शेजवलकर ने कहा कि जल्द ही रोपवे बनाने की अनुमति निगम को मिल जाएगी। 1 नवंबर को भोपाल मे एएसआई के वरिष्ठ अधिकारियों के सामने योजना के पावर पॉइंट प्रजेन्टेशन के लिए निगमायुक्त को बुलाया गया है।

चंबल से पानी लाने के लिए होगा सर्वे
महापौर श्री शेजवलकर ने साफ तौर पर कहा कि चंबल से पानी लाने के मामले को अब तक किसी ठोस जानकारी के आधार पर मेरे सामने नहीं रखा गया है। इस मामले की पूरी पड़ताल कराई जाएगी, इसके बाद ही चंबल से पानी लाने के मामले पर किसी तरह का निर्णय लिया जाएगा। इस मामले की मानीटरिंग मैं स्वयं करूंगा।





अपने विचार यहां लिखें
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: