News
Madhya Pradesh
Gwalior Gwalior ग्वालियर.
विकास के लिए एकता के सूत्र में बंधें : सिंधिया
सांसद ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कहा है कि विकास और प्रगति के लिए जरूरी है कि समाज एकजुट हो। एकता के सूत्र में बंधे बिना किसी भी समाज का विकास संभव नहीं है। श्री सिंधिया डबरा में ब्राह्मण समाज के संभागीय सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे। कार्यक्रम की अध्यक्षता महंत रामदास जी महाराज दंदरौआ सरकार ने की।
श्री सिंधिया ने कहा कि यह राजनीति का मंच नहीं है, इसलिए मैं यहां राजनीति की कोई बात नहीं करूंगा पर इतना जरूर कहूंगा कि राजनीति में आज लोग 80 फीसदी समय दूसरों की आलोचना में गुजारते हैं, मैं आप लोगों से कहना चाहूंगा कि आप लोगों के इस सोच को बदलें और समाज को दिशा प्रदान करें।
श्री सिंधिया ने ब्राह्मण समाज के साथ अपने परिवार के रिश्तों का हवाला देने के साथ ही डबरा में बरसों पहले हुए कांग्रेस के एकता सम्मेलन का उल्लेख करते हुए अपने पिताश्री माधवराव सिंधिया का स्मरण भी किया और कहा कि डबरा की भूमि कई मायने में ऐतिहासिक है। इतिहास साक्षी है कि भवभूति यहां ज्ञान का प्रकाश उत्पन्न कर सारे देश को आलौकित किया।
उन्होंने कहा कि हर काल में सत्ता के साथ ब्राह्मण समाज का सहयोग महत्वपूर्ण रहा है। रामराज्य में मुनि वशिष्ठ हों या द्वापर में गुरु द्रोणाचार्य, चंद्रगुप्त के साथ चाणक्य रहे हों या शिवाजी महाराज के साथ संत रामदास, सभी ने समाज को दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।
श्री सिंधिया ने कहा कि देश की आजादी में मंगल पाण्डे, रामप्रसाद बिस्मिल, चंद्रशेखर आजाद के बलिदान ने इस समाज का मान बढ़ाया है। श्री सिंधिया ने आजादी के बाद नये भारत के निर्माण में पंडित नेहरू के योगदान के साथ पूर्व प्रधानमंत्री अटलबिहारी वाजपेयी के नाम का जिक्र भी अंचल का मान बढ़ाने वालों के रूप में उल्लेख किया।
अध्यक्षता कर रहे दंदरौआ सरकार रामदास जी महाराज ने त्याग, तप और निष्ठा के साथ ब्राह्मण के संस्कारों की चर्चा करते हुए कहा कि ब्राह्मण वही है जो अपने साथ-साथ दूसरों की भी चिंता करता है। हमें इस बात को जीवन में उतारना चाहिए। उन्होंने युवा नेता आलोक शर्मा को आयोजन के लिए बधाई के साथ-साथ अपना आशीर्वाद भी प्रदान किया।
इससे पूर्व, पूर्वमंत्री सत्यदेव कटारे ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सम्मेलन के आयोजक आलोक शर्मा को इतनी बड़ी संख्या में समाज के लोगों को एकत्र करने के लिए बधाई देने के साथ ही अंचल की समस्याओं, खासकर सूखे के संकट को लेकर श्री सिंधिया से राज्य सरकार से बात करने और पीड़ितों को राहत पहुंचाने का रास्ता निकालने का आग्रह किया।
पूर्वमंत्री बालेन्दु शुक्ला ने कहा कि ब्राहाण समाज को अगर अपना खोया हुआ सम्मान पाना है तो अपने संस्कारों पर ध्यान देना होगा। शहर जिला कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष अशोक शर्मा ने कार्यक्रम का संचालन करते हुए सांसद सिंधिया को भरोसा दिलाया कि अंचल के विकास के लिए किये जाने वाले हर प्रयास में ब्राह्मण समाज उनके साथ है।
इस अवसर पर दंदरौआ सरकार के साथ सांसद ज्योतिरादित्य सिंधिया का आयोजक आलोक शर्मा, प्रमोद कटारे, वरिष्ठ कांग्रेसी नेता ज्ञानेन्द्र शर्मा, सत्यदेव कटारे, डॉ. रघुनाथ पापरीकर,अशोक शर्मा, देवेन्द्र शर्मा आदि ने स्वागत किया।