News
Chhattisgarh
Bilaspur Bilaspur बिलासपुर. अधिकारियों द्वारा छापा मारे जाने के भय से शनिवार को पटाखा व्यवसायियों ने दुकान के सामने व सड़क किनारे से पटाखों के काटरून व डिब्बे हटा लिए। दैनिक भास्कर में ‘..गली-गली में बिखरा मौत का सामान’ शीर्षक से खबर छपने के बाद स्वास्थ्य व नगरीय प्रशासन मंत्री अमर अग्रवाल ने स्पेशल टीम गठित कर रिहायशी इलाकों में अवैध रूप से स्टोर कर रखने वाले पटाखा व्यवसायियों पर कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।
दीपावली आते ही गली-कूचों, किराना, जनरल स्टोर से लेकर सड़क किनारे पटाखा की दुकानें सज गई हैं। मुनाफा कमाने के लिए व्यवसायियों ने लोगों को बारूद के ढेर पर खड़ा कर दिया है। एक चिंगारी उठी कि सारा शहर राख के ढेर में तब्दील हो जाएगा।
इन सबसे अनजान प्रशासनिक अधिकारियों को इनके खिलाफ कार्रवाई करने की फुर्सत नहीं है। शनिचरी बाजार की पटाखा दुकानें आज बंद रहीं। आज दिनभर पटाखा व्यवसायियों के बीच हड़कंप मचा रहा। किसी तरह रिस्क लेने के बजाय उन्होंने पटाखा हटा लेने या दुकान बंद रखने में ही भलाई समझी।
ज्ञात हो कि विस्फोटक अधिनियम के अंतर्गत पटाखा फैक्ट्री, गोदाम व दुकान रिहायशी इलाकों से दूर होने चाहिए। पटाखे एकत्रित करने वाले स्थानों में अग्निशामक भरे होने चाहिए।
इसके आसपास धूम्रपान, अग्निबत्तियों सहित आग भड़काने वाली किसी भी वस्तु का उपयोग प्रतिबंधित होना चाहिए। इसके विपरीत सिंधी कालोनी, मध्यनगरीय, गांधी चौक, करबला, तोरवा, बुधवारी बाजार, शनिचरी बाजार, गोलबाजार में पटाखा दुकान संचालित किए जा रहे हैं।