नई दिल्ली.जीविका और जमीन की मांग को लेकर आज करीब 20 हजार लोगों का काफिला देश की राजधानी दिल्ली पहुंचा। विगत 2 अक्टूबर को गांधी जयंती के अवसर पर ग्वालियर से एकता परिषद द्वारा निकाला गया जनादेश मार्च 24 दिनों की यात्रा के बाद आज दिल्ली पहुंचा।
कल हजारों लोगों का यह हुजूम संसद के पास विरोध प्रदर्शन करेगा। इन लोगों की मांग है कि नेशनल लैंड ऑथिरिटी के गठन के साथ ही जमीन और जीविका संबंधित विवादों के निपटारे के लिए सिंगल विंडो सिस्टम और फास्ट ट्रैक कोर्ट की स्थापना की जाए।
इस रैली में 30 देशों के करीब 100 विदेशी लोग भी शामिल हैं। एकता परिषद के संस्थापक पीवी राजगोपाल ने कहा कि ये लोग खाली हाथ राजधानी से वापस नहीं लौटेंगे। उन्होंने कहा कि ग्रामीण विकास की नीतियों में भूमि सुधार पर सरकार का ध्यान दिलाने के लिए इस जनादेश मार्च का आयोजन किया गया।