HomeNewsNational National

नेहरू ने पैदा की कश्मीर समस्या : आडवाणी

लखनऊ. कश्मीर समस्या के लिए भारत के पहले प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू को जिम्मेदार ठहराते हुए भाजपा के नेता लालकृष्ण आडवाणी ने कहा कि नेहरू की गलत नीतियां ही इस समस्या के लिए जिम्मेदार हैं।

आरएसएस के मासिक पत्र राष्ट्रधर्म के आंतरिक सुरक्षा विशेषांक का विमोचन करते हुए आडवाणी ने कहा कि आजादी के बाद राज्यों के एकीकरण का मामला सरदार वल्लभभाई पटेल ने समझदारी से सुलझाया लेकिन जम्मू व कश्मीर का मसला नेहरू ने अपने हाथ में लिया और उसे सुलझाने में नाकाम होने पर यह मामला संयुक्त राष्ट्र को अग्रेषित कर दिया।

आडवाणी ने यह आरोप भी लगाया कि कांग्रेस की सरकारों ने आंतरिक सुरक्षा के मामले सुलझाने में समझदारी नहीं बरती और इसी के परिणाम स्वरूप चीन के साथ सीमा विवाद हुआ और 1962 में भारत ने चीन से युद्ध में मुंह की खाई।

आडवाणी ने आतंकवाद और नक्सल समस्या पर भी कांग्रेस को आड़े हाथों लिया और आगे कहा कि अब कांग्रेस अमेरिका के साथ ऐसा सौदा करने जा रही है जिससे परमाणु शक्ति के क्षेत्र में भारत अपनी स्वायत्तता खो देगा। उन्होंने यह दावा किया कि भारतीय जनसंघ पहली पार्टी थी जिसने 1966 में परमाणु परीक्षण की मांग उठाई थी। आडवाणी ने कहा कि 1974 में पोखरण में परमाणु परीक्षण के बाद कांग्रेस फिर परीक्षण का साहस नहीं कर सकी।

उन्होंने प्रधानमंत्री को भी आलोचना के दायरे में लाते हुए कहा कि 1998 में एनडीए सरकार के कार्यकाल में किए गए पोखरण परमाणु परीक्षण का राज्यसभा में मनमोहन सिंह ने विरोध किया था।





अपने विचार यहां लिखें
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: