रायपुर. कांग्रेस के वरिष्ठ सांसद अजीत जोगी के रायगढ़ जिले में स्थित मकान से एक शव रविवार को बरामद किया गया है।
पुलिस अधीक्षक दीपांशु काबरा ने बताया कि रायगढ़ शहर के कोटरा पुलिस स्टेशन से करीब 200 किमी की दूरी पर स्थित जोगी के आवास परिसर से आज दोपहर एक शव बरामद किया गया है। इस लाश को क्षत-विक्षत कर दिया गया था और मकान के पिछले हिस्से में फेंक दिया गया था।
इस शव की शिनाख्त अब तक नहीं हो सकी है लेकिन इसको देखकर अंदाजा लगाया गया है कि मौत करीब दो दिन पहले हुई है। काबरा ने कहा कि हालांकि केस दर्ज कर लिया गया है लेकिन मृतक की अब तक पहचान नहीं हो पाई है। बताया गया है कि जोगी ने यह मकान एक अमरेश सिंह नाम के व्यक्ति को किराए पर दे रखा है।
पुलिस ने कहा कि अमरेश जब उड़ीसा से पांच दिन की यात्रा से लौटकर आया तो उसे एक दरुगध आई और उसने जब पुलिस को सूचना दी तो वहां से यह शव बरामद किया गया। पुलिस ने कहा है कि शव के शरीर पर एक छोटा सा कपड़ा पाया गया है जिससे अनुमान लगाया जा रहा है कि मृतक या तो कोई भिखारी था या कोई गरीब आदमी।