HomeNewsChhattisgarhRaipur Raipur

कई वर्दीवाले ब्याज के कारोबार में

रायपुर. पुलिस ने बबलू के लैपटाप से जानकारियों का परीक्षण शुरू कर दिया। कई जानकारियां आधी-अधूरी हैं। अफसर मान रहे हैं कि बबलू को फंसने का अंदेशा हो गया था। इस वजह से उसने लैपटाप से कई जानकारियां उड़ा दीं, या उन्हें कोड में तब्दील कर दिया। पुलिस उसके कोड को तोड़ने की कोशिश कर रही है।

प्रारंभिक जांच में पुलिस को सबूत मिले हैं कि बबलू के ब्याज के कारोबार में उसके कई रिश्तेदार लिप्त थे। एक करीबी रिश्तेदार आबकारी पुलिस में है। पुलिस को बबलू के करीबी लोगों और लैपटाप में उपलब्ध जानकारी से यह भी पता चला है कि पुलिस के कई सिपाही और कुछ अफसरों ने भी अपना पैसा बबलू को दे रखा था। वह इसका ब्याज अदा करता था। वह 10 परसेंट तक के मासिक ब्याज पर पैसे चला रहा था।

पुलिसवालों को वह कुल ब्याज वसूली की आधी रकम अदा करता था। जिन पुलिसवालों के नाम सामने आ रहे हैं, बताते हैं कि बबलू उन्हें लगी रकम के एवज में हर महीने 10-12 हजार रुपए तक अदा कर रहा था।

अफसरों ने कहा कि ऐसे पुलिसवालों के खिलाफ विभागीय जांच की सिफारिश की जाएगी। इधर, पुलिस बबलू की संपत्ति का ब्योरा कलेक्ट कर रही है। उसने ज्यादातर संपत्ति अपने रिश्तेदारों के नाम पर खरीदी है। पुलिस को रुचि इस बात में है कि संपत्ति कब और किसके मार्फत खरीदी गई।

अफसरों ने बताया कि बबलू के नेहरुनगर में दो आलीशान मकान का पता चला है। इनकी कीमत 20-20 लाख से ज्यादा है। अश्वनीनगर वाला उसका मकान भी 15 लाख से ज्यादा का है। यहां उसका रेस्टारेंट था, जिसका किराया 55 हजार रुपए महीना आ रहा है। उसके मठपुरैना और पचपेढ़ीनाका में कई प्लाट हैं। वाटरवल्र्ड भाठागांव में भी उसने खेत खरीदे हैं।

आरोपी पुलिस के कब्जे में
पोद्दार हत्याकांड का खुलासा करने के बाद 26 अक्टूबर को पुलिस ने आरोपियों को कोर्ट में दाखिल किया, वहां से उन्हें जेल भेज दिया गया था। पुलिस ने सिपाही बबलू और प्रशांत सिंह को रिमांड पर लेने के लिए डीजे सनमान सिंह की अदालत में अर्जी लगाई थी। कोर्ट ने शनिवार को चार दिन की पुलिस रिमांड मंजूर कर ली।

कोर्ट के आदेश के बावजूद जेल से आरोपियों को निकालने की औपचारिकताएं पूरी करने में पूरा दिन लग गया। पुलिस अफसरों ने बताया कि बबलू और प्रशांत से पूछताछ शुरू हो गई है। पुलिस को उनसे फाइनेंस ब्रोकर की हत्या में इस्तेमाल हथियार, मोटरसाइकिल और कपड़े बरामद करने हैं।





अपने विचार यहां लिखें
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: