भीलवाड़ा. मेजबान राजस्थान की लड़कियों ने रविवार को यहां नगर परिषद चित्रकूटधाम में 16वीं मिनी नेशनल (अंडर-14) वॉलीबॉल चैंपियनशिप का खिताब
जीतकर इतिहास रच दिया। फाइनल में उन्होंने पश्चिम बंगाल को 3-0 से करारी शिकस्त दी। राजस्थान को पहली बार मिनी नेशनल में स्वर्ण पदक हासिल हुआ है। पिछली बार लड़कियों ने बिलासपुर में कांस्य जीता था।
बालक वर्ग के फाइनल में तमिलनाडु ने उत्तरप्रदेश को आसान मुकाबले में 3-0 से पराजित कर जीत का परचम फहराया। बालक वर्ग में राजस्थान ने आंध्रप्रदेश को 3-2 से हराकर पहली बार कांस्य पदक जीता। राजस्थान के लड़के अब तक क्वार्टर फाइनल से आगे नहीं बढ़ सके।
राजस्थान की बालिकाओं ने एक घंटे तीन मिनट चले फाइनल मैच के पहले सेट में ही दबदबा कायम करते हुए 25-16 से अपने पक्ष में कर लिया। राजस्थान टीम इसके बाद हावी हो गई। अटैकर सुनिता, सुनिता भाजविया, सेटर अनीता व डिफेंसर ममता के शानदार खेल के दम पर राजस्थान ने अगले दोनों सेट 25-14 व 25-21 अंकों से अपने पक्ष में कर खिताबी जीत दर्ज की।
तमिलनाडु और उत्तरप्रदेश के बीच बालक वर्ग का फाइनल नीरस रहा। तमिलनाडु ने एक तरफा मुकाबले में यूपी को 3-0 (25-12, 25-15, 25-19) से मात दी। 50 मिनट में खत्म हुए इस फाइनल में तमिलनाडु के आर मनोज, वणिधरम और के कार्ति पूरी तरह छाए रहे।
तीसरे-चौथे स्थान के लिए मुकाबले सुबह के सत्र में खेले गए। बालक वर्ग में राजस्थान ने कांटे के मुकाबले में आंध्रप्रदेश को 3-2 से हराकर कांस्य पदक अर्जित किया। रोमांचक मुकाबले के पहले दो सेट राजस्थान ने 25-19 व 25-22 से जीते। आंध्रा ने वापसी करते हुए 27-25 एवं 25-21 से लगातार दो सेटों में जीत हासिल की। निर्णायक सेट में राजस्थान ने 15-10 से विजय प्राप्त की।
बालिका वर्ग में तमिलनाडु की बालिकाओं ने केरल को आसान मुकाबले में 3-0 शिकस्त दे कर कांस्य पदक जीता। केरल की बालिकाओं को चौथे स्थान पर ही संतोष करना पड़ा।
चैंपियन टीम को दो लाख रुपए का पुरस्कार
राजस्थान की लड़कियों को खिताब जीतने पर राज्य वॉलीबॉल संघ की ओर से एक लाख रुपए के नकद पुरस्कार की घोषणा की गई। संघ के सचिव रामावतार जाखड़ ने बताया कि लड़कों की टीम को 25 हजार रुपए दिए जाएंगे। खेलमंत्री ने लड़कियों को एक लाख रुपए व लड़कों को 31 हजार रुपए का पुरस्कार देने की घोषणा की।
राजस्थान की टीमें : बालिका वर्ग - सुमन (कप्तान), अनिता/ नाहर सिंह, अनिता/दांताराम, अनिता/ जयप्रकाश, सुनीता/ रामावतार, सुनीता बाजिया, सोनिया, ममता, जमना, कृति, प्रियंका, गीता देवी, राजेश ओला (कोच), बालक वर्ग - पंकज खटीक (कप्तान), सागर, पवन, भीम सिंह, सतवीर, संजय कुमार, संजू कुमार, रमजान, आदित्य, नितेश व रणजीत, वाईबी सिंह (कोच)।
फाइनल रैंकिंग
पदक
---- बालक- बालिका
स्वर्ण- तमिलनाडु- राजस्थान
रजत- उत्तर प्रदेश- प. बंगाल
कांस्य- राजस्थान- तमिलनाडु
स्थान-
चौथा- प. बंगाल- केरल
पांचवां- कर्नाटक- कर्नाटक
छठा- आंध्रप्रदेश- महाराष्ट्र
सातवां- केरल- हरियाणा
आठवां- मणिपुर- आंध्रप्रदेश