बीकानेर. राज्य में बीएसटीसी प्रथम वर्ष की परीक्षा के लिए फार्म भरने का सोमवार को अंतिम दिन है। परीक्षा की तिथि फिलहाल घोषित नहीं की गई है। बीएसटीसी प्रथम वर्ष नए बैच की परीक्षाओं के लिए अभ्यर्थियों से 22 अक्टूबर तक आवेदन मांगे गए थे। लेट फीस जमा करवाकर आवेदन-पत्र भरने की तिथि 29 अक्टूबर रखी गई है। उसके बाद कोई फार्म स्वीकार नहीं किया जाएगा। फार्मो की छंटनी और रोल नंबरों का काम समाप्त होने के बाद परीक्षा की तिथि घोषित की जाएगी।
सूत्रों के अनुसार राज्य में गुर्जर आंदोलन के कारण द्वितीय वर्ष की परीक्षा भी दो-तीन माह विलंब से शुरू हुई है। उसे देखते हुए प्रथम वर्ष की परीक्षा में भी समय लगेगा। निजी एसटीसी स्कूलों में प्रथम वर्ष में प्रवेश प्रक्रिया भी अब तक चल रही है। इस वर्ष परीक्षार्थियों की संख्या गत वर्ष से अधिक रहेगी, क्योंकि इस वर्ष वे विधवा, परित्यक्ता महिलाएं भी परीक्षा देंगी, जिन्हें पिछले साल शिक्षा विभाग में तृतीय श्रेणी शिक्षक के रूप में नियुक्तियां दी गई थीं। इन महिलाओं को पत्राचार से बीएसटीसी करवाई जा रही है। इसके अलावा प्रथम वर्ष अनुत्तीर्ण पत्राचार प्रशिक्षार्थी, पूर्ववर्ती प्रशिक्षार्थी भी वर्ष 2007 की परीक्षा में बैठेंगे।
लेट फीस वाले प्रशिक्षार्थियों से दो पासपोर्ट साइज फोटो, 10वीं व 12वीं की अंक तालिका की दो सत्यापित प्रतियां, पूर्ववर्ती छात्रों को अनुत्तीर्ण अंकतालिका की छाया प्रति एवं लगातार सेवारत का प्रमाण-पत्र लेकर उपस्थित होने के लिए कहा गया है। विधवा, परित्यक्ताओं को सूचना देने के लिए बीईईओ को पत्र लिखे गए हैं, ताकि फार्म भरने से वंचित महिलाएं लेटफीस जमा करवाकर परीक्षा फार्म भर सकेंगी।
द्वितीय वर्ष की परीक्षाएं समाप्त
राज्य में बीएसटीसी द्वितीय वर्ष की परीक्षाएं शनिवार को समाप्त हो गईं। गुर्जर आंदोलन के कारण परीक्षाएं 18 अक्टूबर से शुरू हुई थीं। उच्च न्यायालय के आदेश पर बीएसटीसी प्रथम वर्ष की परीक्षा देकर पास हुए शिक्षाकर्मियों ने भी द्वितीय वर्ष की परीक्षा दी है लेकिन उनके परीक्षा परीणाम अलग से घोषित किए जाएंगे। राज्य में दस हजार से अधिक परीक्षार्थी द्वितीय वर्ष की परीक्षा में प्रविष्ठ हुए हैं।
* प्रथम वर्ष की परीक्षा के लिए लेट फीस से फार्म भरने की सोमवार को अंतिम तिथि है। फार्मो का काम समाप्त होने पर परीक्षा की तिथि घोषित कर दी जाएगी।
-राजेन्द्र गर्ग, पंजीयक, शिक्षा विभागीय, परीक्षाएं