News
Madhya Pradesh
Gwalior Gwalior ग्वालियर. भारत-पाक के बीच पन्द्रह नवंबर होने वाले मैच के दौरान क्रिकेट प्रेमी चौके-छक्के के पोस्टर और बैनर लहराकर खिलाड़ियों की हौसला-अफजाई नहीं कर पाएंगे। मैच के दौरान सुरक्षा को लेकर हुई पुलिस अफसरों की बैठक में यह बात रविवार की दोपहर तय की गई। अफसरों का कहना था कि सुरक्षा को लेकर पुलिस सख्त रवैया अपनाएगी और दर्शक खाली हाथ ही स्टेडियम में प्रवेश कर सकेंगे।
मैच के दौरान सुरक्षा-प्रबंध कैसे रहेंगे, किस अफसर को क्या जिम्मेदारी दी जाएगी। इसको लेकर रविवार की दोपहर आईजी डीएस सेंगर ने एसपी ऑफिस में अफसरों की बैठक ली। बैठक में डीआईजी आदर्श कटियार, एसपी वीके सूर्यवंशी, एडीशनल एसपी शहर अतुल सिंह तथा एडीशनल एसपी देहात मंगल सिंह मौजूद थे।
बैठक में पुलिस अफसरों के सामने यह बात आई कि क्रिकेट मैच देखने जाने वाले दर्शकों को क्या-क्या सामान स्टेडियम के अंदर ले जाने दिया जाए। इसको लेकर पुलिस अफसरों की राय थी, चूंकि मैच भारत-पाकिस्तान के बीच होने वाला है इसलिए सुरक्षा का मसला ज्यादा संवेदनशील है।
इसलिए दर्शकों को अपने साथ स्टेडियम में कुछ भी न ले जाने दिया जाए क्योंकि पुलिस ने सख्ती नहीं दिखाई तो दर्शकों की आड़ में असामाजिक तत्व कुछ भी लेकर स्टेडियम के अंदर पहुंच सकते हैं। अंतत: तय यह हुआ कि दर्शक खाली हाथ ही स्टेडियम में पहुंचेंगे। उनके पास मोबाइल, माचिस, सिगरेट-बीड़ी, पानी की बोतल, खाने का टिफिन और यहां तक कि बैनर और चौके-छक्के लिखी हुई तख्तियां भी प्रतिबंधित कर दी गई हैं।
बैठक में इसके अलावा पुलिस अफसरों की जिम्मेदारियां भी वितरित कर दी गईं। होटल सुरक्षा, पार्किग, बेरीकेडिंग, यातायात व्यवस्था कौन अधिकारी किस तरह से निर्वहन करेगा, यह भी बता दिया गया।
स्टेडियम में बनेगा पुलिस कन्ट्रोल रूम :
स्टेडियम में एक पुलिस कन्ट्रोल रूम भी कार्य करेगा। इसमें स्टेडियम में लगे सीसीटीवी कैमरों से ली जाने वाली पिक्चर को स्क्रीन पर पुलिस अफसर देखेंगे और स्टेडियम के चप्पे-चप्पे पर नजर रखेंगे।
पुलिस अफसरों ने लिया स्टेडियम का जायजा :
बैठक के बाद एसपी वीके सूर्यवंशी, एडीशनल एसपी अतुल सिंह अपने मातहतों के साथ स्टेडियम पहुंचे और वहां चल रहे निर्माण कार्यो का जायजा सुरक्षा के लिहाज से लिया। यहां उन्होंने विभिन्न सेक्टर के बीच जालियां लगाने का काम जल्दी खत्म करने के निर्देश भी दिए।