News
Chhattisgarh
Bilaspur Bilaspur बिलासपुर. रघुराज सिंह स्टेडियम में होने वाले राज्योत्सव में इस बार ‘लाफ्टर चैलेंज’ के राजा और रैंचो हंसी की फुलझड़ियां बिखेरेंगे। जिला प्रशासन के आमंत्रण को उन्होंने स्वीकार कर लिया है। इसके अलावा तीन दिन तक रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों की रूपरेखा भी तैयार कर ली गई है।
राज्योत्सव इस बार इन मायनों में खास होगा कि प्रशासन ने पहली बार किसी टीवी स्टार को कार्यक्रम प्रस्तुत करने के लिए बुलाया है। स्टार वन के लाफ्टर चैलेंज में बंदर के पुतले रैंचो के साथ धूम मचाने वाले राजकुमार जावकर (राजा) ने समारो में आने के लिए सहमति दे दी है।
एसडीएम संजय अग्रवाल ने बताया कि दो नवंबर को समारोह का उद्घाटन मुख्य अतिथि नगरीय प्रशासन व स्वास्थ्य मंत्री अमर अग्रवाल करेंगे। कार्यक्रम के अध्यक्ष विधानसभा उपाध्यक्ष बद्रीधर दीवान होंगे।
उद्घाटन के बाद रायपुर की राखी दवे द्वारा भरत नाटच्यम प्रस्तुत किया जाएगा। शुक्तिवर्धन के शास्त्रीय संगीत और खुमान साव के चंदैनी गोंदा की रंगारंग प्रस्तुति के बाद राजा और रैचों अपने कार्यक्रम से दर्शकों को गुदगुदाएंगे। समारोह के दूसरे दिन तीन नवंबर को पंडवानी और रामकुमार पात्रे द्वारा पंथी नृत्य प्रस्तुत किया जाएगा।
इसी दिन दर्शक प्रभंजन चतुर्वेदी के भजन और मदन चौहान के सुगम संगीत का आनंद ले सकेंगे। इसके बाद मुशायरे का आयोजन किया गया है। तीसरे और अंतिम दिन चार नवंबर को स्थानीय कलाकारों की प्रस्तुति के बाद एनटीपीसी बालभारती स्कूल के छात्रों का कार्यक्रम होगा।
लखनऊ के प्रसिद्ध अग्निहोत्री बंधु भजन और वासंती वैष्णव, सुनील वैष्णव कथक प्रस्तुत कर समां बांधेंगे। इसके बाद कवि सम्मेलन का आयोजन किया गया है।