कोटा. पुलिस ने रविवार को शहर में अपराध रोकने का नया पैंतरा अख्तियार किया। एयरोड्राम सर्किल के आसपास रविवार को लगने वाला कार बाजार पुलिस नहीं लगने दिया। पुलिस का मानना है कि इससे यातायात बाधित होता है और अपराधी लोग इससे जुड़े हुए हैं।
एसपी राजेश आर्य के निर्देश पर सुबह सात बजे प्रशिक्षु आरपीएस और ट्रैफिक डीएसपी कुबेरदान के नेतृत्व में पुलिस बल पहुंचा। उसने सुबह से कार बाजार नहीं लगने दिया।
एसपी राजेश आर्य का कहना है कि बाजार के बारे में कई बार की शिकायतें मिल रही थी। इससे यातायात भी बाधित हो रहा था। इसमें कई अपराधी प्रवृति के लोग भी जुड़े हुए हैं। संचालकों के पास किसी भी विभाग की ओर से जारी किया गया लाइसेंस नहीं है। पुलिस की इस कार्रवाई से कार बाजार संचालकों में रोष था। उन्होंने स्थाई रूप से जगह देने की मांग की है।