News
Metros
Chandigarh Chandigarh चंडीगढ़.
हिमाचल प्रदेश के विधानसभा चुनावों में बीएसपी किसी भी पार्टी से तालमेल नहीं करेगी और सभी सीटों पर अपने बलबूते चुनाव लड़ेगी। पार्टी को मौका मिला तो उसके प्रमुख नेता मेजर (रिटायर्ड) विजय सिंह मनकोटिया मुख्यमंत्री पद के दावेदार होंगे। बसपा की राष्ट्रीय अध्यक्ष और उत्तरप्रदेश की मुख्यमंत्री मायावती ने रविवार को सर्कस ग्राउंड, सेक्टर-17 में आयोजित रैली में यह घाोषणा की।
रैली में मेजर विजय सिंह मनकोटिया ने कहा कि, कांगड़ा में मायावती की विशाल रैली के बाद पूरे हिमाचल में पार्टी के पक्ष में इंकलाब की लहर है। अब उस दिन का बेसब्री से इंतजार है जब मायावती पीएम की कुर्सी संभालेंगी।
मायावती विश्व की आठवीं सबसे सशक्त महिला ही नहीं बल्कि उनमें ऐसी दैवीय शक्ति है जिससे गरीबों में आशा और उम्मीद की किरण जगी है। उन्होंने कहा, न्यूक्लियर डील को लेकर लेफ्ट और यूपीए में गतिरोध के चलते यूपीए गवर्नमेंट कभी भी गिर सकती है और जल्द चुनावों के लिए कार्यकर्ता तैयार रहें। अगले लोकसभा चुनाव में चंडीगढ़ से हरमोहन धवन बसपा उम्मीदवार होंगे।
उन्होंने कहा, ‘तिलक, तराजू और तलवार, इनको मारो जूते चार’ नारा कभी भी बीएसपी का नहीं रहा। कांग्रेस, भाजपा व अन्य राजनीतिक पार्टियां अपर कास्ट को बीएसपी से दूर करने के लिए ऐसी अफवाहें फैलाती रही हैं। बीएसपी जाति विशेष की पार्टी नहीं है। पार्टी समता मूलक समाज बनाना चाहती है, जिसमें अपर कास्ट के लोगों को पार्टी से जोड़ने केप्रयास किए जा रहे हैं।
मायावती ने कहा कि केंद्र में बीएसपी की सरकार बनने पर पिछड़ी जातियों, जनजातियों, अल्पसंख्यक समुदाय के साथ अपर कास्ट्स के गरीब लोगों को भी रिजर्वेशन दी जाएगी। यह रिजर्वेशन यू.पी की तरह प्राइवेट जॉब्स में भी लागू होगी। उन्होंने कांग्रेस और भाजपा पर धीरे-धीरे सरकारी विभागों का प्राइवेटाइजेशन कर रिजर्वेशन को खत्म करने का आरोप लगाया।