नई दिल्ली.जमीन और जीविका की मांग को लेकर देश के विभिन्न हिस्सों से राजधानी दिल्ली पहुंचे करीब 25 हजार लोगों को संसद पर मार्च करने से पूर्व रोक लिया गया। इस यात्रा के अंतिम चरण में संसद पर मार्च करने की घोषणा की गई थी लेकिन पुलिस ने लोगों के मंसूबों पर पानी फेर दिया।
जनादेश मार्च का आयोजन एकता परिषद की ओर से किया गया है। इसके प्रवक्ता जगदीश शुक्ला ने कहा कि हमें गिरफ्तार कर लिया गया है और रामलीला ग्राउंड की परिसीमा में ही रहने को कहा गया है। उन्होंने बताया कि रामलीला ग्राउंड के सभी गेट बंद कर दिए गए हैं और उन्हें बाहर नहीं निकलने दिया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि यहां पानी की बेहद कमी होने से हालात दयनीय हो गए हैं। वहीं एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि न तो प्रदर्शनकारियों को हिरासत में रखा गया है और नही अरेस्ट किया गया है। उन्होंने बताया कि केवल रामलीला ग्राउंड परिसर तक ही उन्हें रोके रखने का आदेश मिला है।
प्रवक्ता शुक्ला ने बताया कि आज शाम ग्रामीण विकास मंत्री रघुवंश प्रसाद प्रदर्शनकारियों के बीच आकर उनकी मांगों के संबंध में कुछ घोषणा कर सकते हैं।