रायबरेली. बाबरी मस्जिद विध्वंस कांड में भाजपा नेता लालकृष्ण आडवाणी के खिलाफ मामलों की सुनवाई कर रही विशेष अदालत ने सोमवार को मामलों की अगली सुनवाई के लिए 13 नवंबर की तारीख तय की है।
इस मामले में सोमवार को सीबीआई की तरफ से एक गवाह को पेश किया जाना था लेकिन उसके अदालत न पहुंच पाने के कारण विशेष जज वंशराज सिंह ने मामले की सुनवाई अगली तारीख तक के लिए टाल दी। गौरतलब है कि इस मामले में आडवाणी के अलावा पूर्व केंद्रीय मंत्री मुरली मनोहर जोशी, उमा भारती, भाजपा के महासचिव विनय कटियार, विहिप नेता आचार्य गिरिराज किशोर, अशोक सिंघल, विष्णु हरि डालमिया और साध्वी ऋतंभरा भी आरोपी हैं।
इसके अलावा इस मामले में याचिका खारिज किए जाने के निचली अदालत के फैसले को चुनौती देने के लिए जिला अदालत में विहिप नेता रामविलास वेदांती और चार अन्य द्वारा रिविजन याचिका दाखिल की गई थी जिसे आज जिला अदालत जज ने खारिज कर दिया। वेदांती ने अपनी याचिका में मांग की थी उन पर चल रहे ट्रायल को लखनऊ की सीबीआई अदालत से यहां जिला अदालत में स्थानांतरित कर आडवाणी व सात अन्य के खिलाफ चल रहे ट्रायल के साथ ही इसकी सुनवाई हो।