नई दिल्ली.दिल्ली हाईकोर्ट ने आज तेलगु फिल्मों के सुपर स्टार चिरंजीवी की बेटी और दामाद की सुरक्षा अवधि दो सप्ताह के लिए बढ़ा दी है।
हाईकोर्ट के जस्टिस एसएन ढिंगरा ने आज यह आदेश जारी किया। दोनों नवविवाहित दंपति ने आज हाईकोर्ट को बताया कि वे वापस हैदराबाद लौटने की योजना बना रहे हैं और हैदराबाद पुलिस द्वारा उन्हें सुरक्षा उपलब्ध कराने में एक सप्ताह का वक्त लग सकता है। इस पर अदालत ने उनकी सुरक्षा व्यवस्था को दो सप्ताह तक बढ़ाने के आदेश दिए।
गौरतलब है कि चिरंजीवी की बेटी श्रीजा (19) और दामाद शिरीष भारद्वाज (22) ने आरोप लगाया था कि चिरंजीवी के परिवार की तरफ से उनकी जान को खतरा है। इसके बाद अदालत ने 22 अक्टूबर को उन्हें पुलिस सुरक्षा प्रदान करने का निर्देश दिया था।
श्रीजा और शिरीष का आरोप है कि उन्होंने अपने परिवार की इच्छा के विरुद्ध शादी की है इसलिए उनकी जान को खतरा है। श्रीजा और शिरीष की वकील पिंकी आनंद ने अदालत से कहा कि श्रीजा और शिरीष परिवार से संपर्क करने की कोशिश कर रहे हैं लेकिन अब तक सफलता नहीं मिल पा रही है।