कोलकाता.ग्राफिक्स आर्टिस्ट रिजवानउर रहमान की मौत की जांच कर रही सीबीआई ने आज कोलकाता पुलिस के तीन अधिकारियों से पूछताछ की। कोलकाता पुलिस कमश्निर गौतम मोहन चक्रवर्ती ने बताया कि करैया पुलिस के दो सब इंस्पेक्टर्स और ऑफिसर इन चार्ज को सीबीआई ने पूछताछ के लिए बुलाया था।
सीबीआई के सूत्रों ने बताया कि दो सब इंस्पेक्टर जयंतो मुखर्जी और पुलोक दत्ता से निजाम प्लेस स्थित सीबीआई के दफ्तर में पूछताछ की गई। वहीं ऑफिसर इन चाज्र स्वपन कुमार मित्रा से बाद में पूछताछ बाद में की जाएगी। गौरतलब है कि 18 अगस्त को रिजवानउर और प्रियंका द्वारा स्पेशल मैरेज एक्ट के तहत शादी करने के बाद 31 अगस्त को करैया पुलिस के सबइंस्पेक्टर जयंतो मुखर्जी और पुलोक दत्ता तिलिजला स्थित रिजवानउर के घर गए थे।
इससे पहले हुई सीआईडी पूछताछ के बाद पत्रकारों को इन दोनों ने बताया था कि वे लोग अपने मोबाइल वैन से गुजर रहे थे इसी बीच उन्होंने रिजवानउर के घर के पास एक आलीशान गाड़ी लगी देखी तो उत्सुकतावश वे रिजवानउर के घर पर पहुंचे। वहां उन्हें अशोक तोड़ी, प्रदीप तोड़ी ओर अनिल सारगोई मिले। यहां उन्हें प्रियंका और रिजवानउर के बीच शादी की खबर पहली बार मिली थी।