गांधीनगर. भाजपा के बागी नेताओं ने सोमवार को कहा कि उनके कई उम्मीदवार कांग्रेस के टिकट पर चुनाव लड़ना चाहते हैं लेकिन सुरेश मेहता और गोरधन जडाफिया जैसे कुछ नेता चुनावी जंग से दूर ही रहेंगे।
जडाफिया ने बताया कि मैं और पूर्व मुख्यमंत्री मेहता चुनाव में उम्मीदवार नहीं होंगे लेकिन मुख्यमंत्री नरेंद्र मोदी की तानाशाह सरकार को हराने के लिए अभियान में सक्रिय रूप से भागीदारी करेंगे। जडाफिया ने आगे कहा कि जो भाजपाई विधायक पार्टी से बगावत कर चुके हैं वे कांग्रेस के बैनर तले चुनाव लड़ेंगे।
जडाफिया ने कहा कि बागी विधायकों और नेताओं में से कुछ ने उमा भारती की पार्टी भारतीय जनशक्ति के तहत चुनाव लड़ने का फैसला किया है। जडाफिया ने बागी नेताओं की संख्या तो नहीं बताई लेकिन उन्होंने कहा कि कई विधायक और प्रमुख भाजपा नेता जो बगावत करना और चुनाव लड़ना चाहते हैं, कांग्रेस से टिकट की मांग कर चुके हैं।
जडाफिया ने दावा किया कि कांग्रेस ने भी कई टिकट बागी भाजपाइयों को देने में कोई खास सख्ती नहीं बरती है। जडाफिया के मुताबिक कांग्रेस की तीन सदस्यीय समिति से बातचीत चल रही है जिसमें वायलार रवि, पृथ्वीराज चव्हाण और बीके हरिप्रसाद शामिल हैं।
जडाफिया ने उम्मीद जताई कि कांग्रेस उन्हें भरपूर सीटों के लिए टिकट देने को राजी होगी क्योंकि मोदी सरकार के खिलाफ हमारी किसान सभा से पहले कोई आंदोलन नहीं था। इस तरह की 87 सभाओं के बाद हमने मोदी सरकार की किसान और जनविरोधी नीतियों के खिलाफ जागरूकता पैदा की है।