News
Chhattisgarh
Raipur Raipur रायपुर. फाइनेंस ब्रोकर गणोश पोद्दार की हत्या के आरोप में फंसे इंजीनियरिंग छात्र मोहसिन और विवेक को दबोचने में पुलिस कामयाब नहीं हो सकी है। पुलिस को पता चला था कि मोहसिन मुंबई और विवेक राय नागपुर के पास छिपे हैं। संभावित ठिकानों पर दबिश देने के लिए दो अलग-अलग टीमें भेजी गई थीं। दोनों ही टीमों को नाकाम लौटना पड़ा।
मोहसिन और विवेक दोनों पुलिस के पहुंचने के पहले ही अपने-अपने ठिकानों से फरार हो चुके थे। मोहसिन के बारे में सुराग मिला है कि वह मुंबई से भागकर कोच्चि चला गया है। उसके बारे में पुलिस नए सिरे से पता लगाने में जुट गई है।
यह पता लगाया जा रहा है कि कोच्चि से वह कहीं विदेश तो नहीं भाग गया। विवेक को लोगों ने छत्तीसगढ़ एक्सप्रेस में सवार होते देखा था। ऐसी जानकारी मिली है कि नागपुर से करीब आधा घंटा पहले वह ट्रेन से उतर गया था। उसके बारे में भी पतासाजी की जा रही है।
सूत्रों ने बताया कि मोहसिन के बारे में पुलिस को पुख्ता जानकारी थी। उसका मुंबई का एड्रेस भी मिल गया था। उसके फरार होने से ऐसा माना जा रहा है कि उसे इस बात की भनक लग चुकी थी कि वह गिरफ्तार हो सकता है।
इसी वजह से वह पुलिस टीम पहुंचने के पहले ही मुंबई से भाग निकला।इधर, सौरभ के दोस्तों से पूछताछ के बाद पता चला है कि वह फिलहाल विदेश में हैं। उसने दुबई में किसी दोस्त के पास पनाह ली है। पुलिस को उसके विदेश का मोबाइल नंबर मिल गया है।
पुलिस अभिरक्षा में कैद रामकृष्ण साकार उर्फ बबलू उसके भांजे शिव शंकर और प्रशांत सिंह से मोटरसाइकिल, मोबाइल और हथियार बरामदगी की प्रक्रिया शुरु कर दी गई है। पुलिस ने सोमवार को दिनभर उन्हें इधर-उधर घुमाया। बबलू की संपत्ति के बारे में भी सवाल-जवाब किए जा रहे हैं।