News
Chhattisgarh
Raipur Raipur रायपुर. साइंस कालेज में त्रैमासिक परीक्षाएं चल रही हैं। मंगलवार को सभी कक्षाओं की परीक्षा होगी। सोमवार को परीक्षा की तैयारी नहीं हो सकी, क्योंकि एएसएफ के 200 जवानों की दो कंपनियां कालेज पहुंच गई। इन्हें क्लासरूम में ही ठहराया गया है।
इस वजह से दर्जनभर से ज्यादा कक्षाएं प्रभावित हुई हैं। संस्कृत कालेज और रविवि के हास्टलों में भी फोर्स को ठहराया गया है। फोर्स राज्योत्सव के साथ-साथ राजधानी की भी सुरक्षा करेगी।
सूत्रों ने बताया कि तीनों कालेजों और हास्टलों में आज पहले दिन 350 जवान आमद दे चुके हैं। इनमें एसएएफ के अलावा पीटीएस, माना के भी जवान हैं। साइंस कालेज में फोर्स के ठहरने से स्टूडेंट बेचैन हैं। कालेज के गलियारे में ही जवानों की चारपाइयां लगाई गई हैं। इन क्लारूमों में परीक्षा होने वाली थी। आज आनन-फानन कालेज के अन्य कमरों में किसी तरह परीक्षा के इंतजाम किए गए।
सूत्रों का कहना है कि फोर्स को ठहराने के लिए प्रशासन कालेजों के हास्टल भी खाली कराने की तैयारी में है। छात्रों ने कहा कि उन्हें कमरे खाली करने के लिए कहा गया है। यूनिवर्सिटी के ब्वाज हास्टल के खाली कमरे जवानों को दे दिए गए।
हालांकि हास्टलों के आधे छात्र दीपावली की छुट्टियां मनाने गए हैं, लेकिन छात्रों को खासी परेशानी हो रही है। गौरतलब है कि पिछले साल भी हास्टलों और कालेजों के कमरों में फोर्स ठहराई गई थी। इस वजह से छात्र करीब 15 दिन परेशान रहे थे।