News
Chhattisgarh
Raipur Raipur जगदलपुर/बीजापुर.
बीजापुर के पास भोसागुड़ा में सोमवार सुबह 9.30 बजे नक्सलियों द्वारा घात लगाकर किए गए हमले में पांच एसपीओ शहीद हो गए जबकि डीएफ के एक जवान समेत तीन अन्य घायल हैं। घायल जवानों का कहना है कि हमला होते ही उन्होंने आधा किमी दूर पामलवाया पोस्ट में खबर भेजी थी, लेकिन कोई मदद करने नहीं आया।
एसपीओ के साथ पुलिस पार्टी सोमवार की सुबह बीजापुर से गंगालूर मार्ग पर रोड ओपनिंग के लिए निकली थी। बस्तर रेंज के आईजी आरके विज ने बताया कि 10 किमी दूर पामलवाया और भोसागुड़ा के बीच घटनास्थल पर कुछ बाल संघम सदस्य स्कूली बच्चों की ड्रेस में बैठे थे। उनके पास ही महिला नक्सली ग्रामीण महिलाओं के वेशभूषा में थीं। पुलिस पार्टी को इन पर जरा भी शक नहीं हुआ।
जवानों के पास आते ही इन बच्चों और महिला नक्सलियों ने छिपाकर रखे हथियारों से फायरिंग कर दी। जब तक फोर्स संभलती आसपास छिपे नक्सलियों ने भी गोलियां चलानी शुरू कर दी। अत्याधुनिक हथियारों से लैस नक्सलियों की संख्या 250 के करीब थी, जो काली वर्दी पहने हुए थे।
जवानों ने भी मोर्चा संभालकर जवाबी फायरिंग की। बस्तर रेंज के आईजी आरके विज ने बताया कि पौने दो घंटे तक चली मुठभेड़ में एसपीओ किस्टो लिंगम (21), ब्रीसयूस किस्कोट्टा (36), रतिराम कुड़ियम (25), मनोज कुड़ियम (20) और कोपाराम आयतु (28) की गोली लगने से मौके पर मौत हो गई। गोलीबारी में आरक्षक बनारसीलाल सिदार (33), भिखारीराम चालकी (25) धनोरा और रोमेन कुजूर (40) गंभीर रूप से घायल हो गए। माओवादी पुलिस पार्टी की पांच इंसास और एक थ्री नाट थ्री रायफल भी लूटकर ले गए।
मुठभेड़ के बाद 8 एसपीओ लापता बताए जा रहे थे, जो दोपहर में बीजापुर लौट आए। बीजापुर में प्राथमिक उपचार के बाद जगदलपुर लाए गए एसपीओ भिखारीराम चालकी ने बताया कि उसने कम से कम तीन नक्सलियों को मार गिराया। उसके साथी रोमेन कुजूर की गोलियों से दो नक्सली मरे। पुलिस को घटनास्थल से किसी नक्सली की लाश नहीं मिली है। चालकी को रायपुर रिफर किया गया है।
हमले में घायल एसपीओ महादेव ने बताया कि गोलियां कम होने के कारण पुलिस पार्टी नक्सलियों का डटकर मुकाबला नहीं कर पाई। घटना के वक्त करीब ही चर रहे मवेशियों की ओट लेकर कई जवानों ने अपनी जान बचाई। बीजापुर एसपी रतनलाल डांगी खबर मिलते ही मौके पर पहुंच गए। नक्सलियों की तलाश में पुलिस ने मुहिम छेड़ दी है। आसपास के कई थाना क्षेत्रों से अतिरिक्त बल रवाना किया गया है।