News
Madhya Pradesh
Gwalior Gwalior ग्वालियर.
केन्द्रीय जेल ग्वालियर में पिछले दिनों हुए एड्स परीक्षण में दो कैदी एचआईवी पॉजीटिव पाए गए। फिलहाल एहतियात बरतते हुए इन कैदियों को अलग सेल में रखा गया है। जल्दी ही इन्हें कन्फर्मेटरी टेस्ट के लिए इंदौर भेजा जाएगा।
जानकारी के अनुसार, पिछले दिनों प्रदेश की जेलों में रहने वाले कैदियों का एचआईवी टेस्ट कराने का अभियान शुरू हुआ था। इसी सिलसिले में ग्वालियर केन्द्रीय जेल में भी कैदियों का एचआईवी परीक्षण किया गया।
जेल में 2780 कैदियों, जिनमें हवालाती तथा सजायाफ्ता दोनों हैं, का परीक्षण किया गया। इस दौरान लगभग सभी कैदी एचआईवी नेगेटिव पाए गए। जब परीक्षण की कार्रवाई अंतिम दौर में चल रही थी, तब दो कैदी एचआईवी पॉजीटिव पाए गए।
बताया जाता है जेल प्रशासन ने पूरे मामले को गंभीरता से लिया और संदेह के दायरे में आए कैदियों का एक बार फिर परीक्षण करवाया। इस परीक्षण में भी शंका के दायरे में आए दोनों कैदी एचआईवी पॉजीटिव ही निकले। ये दोनों कैदी सजायाफ्ता हैं और अपने पिछले जीवन में ट्रक ड्राइवर रहे हैं। एक कैदी आजीवन कारावास की सजा भुगत रहा है तथा दूसरा पांच वर्ष के कारावास की।
जेल प्रशासन ने हजामत बनाने वाले कर्मचारियों से भी कह दिया कि हजामत में नये ब्लेड का इस्तेमाल करें तथा अस्पताल में मरीजों को नई सिरिंज से इंजेक्शन लगाने के निर्देश दिए।
>> केन्द्रीय जेल में मानवाधिकार आयोग द्वारा एड्स परीक्षण कार्यक्रम चलाया गया था। परीक्षण के दौरान दो सजायाफ्ता कैदी एचआईवी पॉजीटिव निकले, इन्हें कन्फर्मेटरी टेस्ट के लिए इंदौर भेजे जाने के लिए मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने कहा है। इसकी व्यवस्था की जा रही है।
केपी श्रीवास्तव जेल अधीक्षक, केन्द्रीय जेल ग्वालियर