bhaskar Web English
HomeNewsMetrosIndore Indore

धार रोड पर 18 लाख की लूट

इंदौर. धार रोड पर नावदापंथ के पास सोमवार शाम तीन बाइक पर सवार पांच बदमाशों ने धार के काबुली चना व्यापारी के मुनीम से 18 लाख रुपए लूट लिए। वह बैंक से रुपए निकालकर धार ले जा रहा था। पुलिस को मामला संदिग्ध लग रहा है।

पुलिस के मुताबिक धार व दसई के व्यापारी पंकज जैन का मुनीम हरिओम शर्मा निवासी तिरुपतिनगर धार, ड्राइवर मांगीलाल निवासी दसई के साथ कार (एमपी 09-एचई-1327) से इंदौर आया था। शाम सवा पांच बजे उसने शुभलक्ष्मी बैंक, अग्रसेन चौराहा से 18 लाख रुपए निकाले। फिर पास ही एक गैरेज में कार का व्हील अलाइन्मेंट कराया, गैस भरवाई और धार के लिए रवाना हो गए।

नावदापंथ के पास एअरपोर्ट बायपास से थोड़ी दूर पहुंचे ही थे कि तीन बाइक पर पांच बदमाश आसपास आ गए। एक ने बाइक कार के आगे लगाई और बाकी दरवाजे खोलकर मारपीट करने लगे। एक बदमाश कट्टे से उड़ाने की धमकी देता रहा लेकिन कट्टा नहीं निकाला।

इस बीच बदमाशों ने रुपए भरा बैग निकाला और इंदौर की तरफ भाग निकले। मुनीम ने पहले पुलिस कंट्रोल रूम फिर सेठ को सूचना दी। सीएसपी गिरीश सूबेदार और टीआई दौलतसिंह चौहान ने मौका मुआयना भी किया लेकिन कहीं कोई सुराग नहीं मिला।

पांच महीने पहले ही रखा मुनीम को‍
श्री जैन का ड्राइवर मांगीलाल को 15-20 साल से काम कर रहा है, जबकि मुनीम हरिओम को पांच महीने पहले ही रखा है। वह पहले भी किसी बड़ी फर्म में काम करता था और श्री जैन के लिए 30-35 लाख रुपए तक भी इंदौर से ला चुका है।

पुलिस को नहीं पच रही है कहानी
ड्राइवर व मुनीम द्वारा बताई कहानी पर पुलिस को संदेह है। एक बदमाश ने बाइक कार के ठीक आगे लगा दी थी लेकिन न तो उन्हें गाड़ी का नंबर ध्यान है और न मॉडल। उनका कहना है पूरा घटनाक्रम 10 मिनट तक चला लेकिन व्यस्त इंदौर-अहमदाबाद राजमार्ग पर किसी ने नहीं देखा। बदमाशों के इंदौर की ओर भागने की बात भी अटपटी ही लग रही है। उनके साथ मारपीट भी ज्यादा नहीं हुई।





अपने विचार यहां लिखें
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: