भोपाल. भोपाल में प्रस्तावित अंबानी इंस्टीटयूट ऑफ इंफारमेशन एंड कम्युनिकेशन टेक्नोलॉजी (डीएआईआईसीटी) के लिए सौ एकड़ जमीन की तलाश शुरू हो गई है। देश में अपनी तरह के इस दूसरे इंस्टीटयूट में सूचना संचार प्रौद्योगिकी विषय में स्नातक और स्नातकोत्तर स्तर का डिग्री पाठ्यक्रम चलाया जाएगा।
इंदौर में ग्लोबल इंवेस्टर्स समिट में शुक्रवार को एडीएजी के अध्यक्ष अनिल अंबानी ने इस इंस्टीटयूट के भोपाल में खोलने का एलान किया था। अभी देश में सिर्फ गांधीनगर (गुजरात) में यह इंस्टीटयूट है। वहां इसकी स्थापना 2001 में हुई थी।
एडीएजी के अधिकारी भोपाल में सौ एकड़ जमीन की तलाश में जुट गए हैं। इस इंस्टीट्यूट में हर साल सवा सौ से डेढ़ सौ छात्रों को डिग्री कोर्स के लिए एडमिशन दिया जाएगा। कंपनी के सूत्रों के अनुसार भोपाल में प्रस्तावित इंस्टीट्यूट गांधीनगर पैटर्न पर ही चलेगा। वहां बी-टेक का चार वर्षीय अंडर ग्रेज्युएट कोर्स कराया जा रहा है।
इसके अलावा एम-टेक, एमएससी आईसीटी इन एग्रीकल्चर एंड रुरल डेवलपमेंट तथा एमएससी डिजाइन मल्टीमीडिया के लिए डिग्री कोर्स चलाए जा रहे हैं। वहां इन विषयों में पीएचडी भी कराई जा रही है। कंपनी सूत्रों के अनुसार जमीन फाइनल होने के पहले तक निवेश का आंकड़ा बताया जाना मुश्किल है।
खास क्या
सूचना प्रौद्योगिकी पर स्नातक व पीजी पाठ्यक्रम।
गांधीनगर स्थित देश के पहले इंस्टीट्यूट की तर्ज पर चलाए जाएंगे कोर्सेस।
हर साल लिए जाएंगे 150 विद्यार्थी।