bhaskar Web English
HomeNewsChhattisgarhBilaspur Bilaspur

शहर से शुरू हुआ था शैल का सफर

बिलासपुर. कभी क्लास रूम में अपने चुटकुलों और मिमिक्री से साथियों को हंसी के ठहाके लगवाने वाले ‘कक्काजी’ की बातें पूरे देश में लोगों को गुदगुदाएंगी, यह स्वयं उन्हें भी पता नहीं रही होगी। हंसी के इस वृक्ष ने जीवन भर पूरे देश को हंसाया, उसके बीज बिलासपुर की गलियों में पड़े थे।

टीवी सीरियल ‘कक्काजी कहिन’ और ऐसे ही कई सीरियल व फिल्मों के अलावा मंच पर सीधे संवाद कर दर्शकों को हंसाते-गुदगुदाते रहने वाला यह फनकार लोगों को हमेशा के लिए रुलाकर बिछुड़ गया। हम चर्चा कर रहे हैं शैल चतुर्वेदी की।

शायद कम लोगों को ही पता है कि राष्ट्रीय स्तर के कवि, लेखक और हास्य अभिनेता शैल चतुर्वेदी के जीवन के चुनिंदा दिन शहर की गलियों में गुजरे हैं। शैल चतुर्वेदी का नाम सुनते ही मन में उनकी तस्वीर उभर आती है, ऊंचा डील-डौल, भारी शरीर, चेहरे पर हर वक्त मुस्कुराहट और चुटीले संवाद। अपनी कविताओं के दीवानों से ‘कक्काजी’ आज सदा के लिए बिछुड़ गए और छोड़ गए अपनी यादें।

दयालबंद की गलियों में किशोर ‘शैल’ के कुछ महत्वपूर्ण बरस बीते, जब वे गवर्नमेंट स्कूल के क्लास रूम में बैठकर अपने साथियों को चुटकुले और मिमिक्री सुनाया करते थे। 1950 के दशक में हाईस्कूल में पढ़ाई के दौरान यही वह पड़ाव था, जब उन्होंने चुटकुलों को छंद-कविताओं का रूप दिया और न जाने कब ये कविताएं देशभर में रसिक श्रोताओं के दिलोदिमाग में छा गईं। उस दौरान उनके परिवार के संपर्क में रहे शहर के वरिष्ठ साहित्यकार डा. विनय कुमार पाठक बताते हैं कि शैलजी उनके बड़े भाई डा. विमल पाठक के सीनियर स्टूडेंट थे।

श्री चतुर्वेदी के पिता गवर्नमेंट स्कूल में गणित के टीचर थे और प्रमोशन के बाद प्रिंसिपल बने। डा. पाठक पढ़ाई के सिलसिले में शैल के घर अक्सर आते-जाते थे। बचपन में श्री चतुर्वेदी अपने डील-डौल, हास्य-व्यंग्य प्रदर्शित करते चेहरे और संवादों से सहपाठियों की हंसी का कारण बनते थे। यूं कहें कि उनकी चाहत भी यही थी कि हर इंसान हमेशा हंसता रहे।

उम्र की अंतिम दहलीज तक उनका उद्देश्य दूसरों के चेहरे पर मुस्कुराहट लाना रहा है। हाईस्कूल की पढ़ाई के बाद श्री चतुर्वेदी अपने परिवार के साथ होशंगाबाद चले गए थे। समय बीता, दशकों बाद 1970 में वे बिलासपुर आए तो शहर की गलियों और अपने स्कूल को याद करना न भूले। यहां जाजोदिया भवन में कार्यक्रम के दौरान मंच पर माइक संभालते ही श्री चतुर्वेदी ने शहर में बिताए दिनों को याद करते हुए कहा था कि वे यहां की गली-गली से वाकिफ हैं। इस शहर ने उन्हें जो कुछ दिया है, उसे वे कभी नहीं भूल सकते।

वर्ष 2001 में वे बिलासपुर आए थे, तब शायद किसी को यह अंदेशा नहीं रहा होगा कि ‘कक्काजी’ का यह अंतिम प्रवास है। डा. विनय पाठक कहते हैं कि उन्होंने हास्य-कविताओं के माध्यम से हिंदी को लोकप्रिय बनाने की दिशा में भी काफी काम किए हैं।

शैलजी के परिवार के करीब रहे वरिष्ठ साहित्यकार डा. पालेश्वर शर्मा बताते हैं कि उनके पिता के साथ-साथ उनके ताऊ जगन्नाथ प्रसाद चौबे ‘वनमाली’ ने भी यहां शिक्षा के क्षेत्र में योगदान दिया था। गवर्नमेंट स्कूल में उनके सहपाठी रहे कई लोग अब इस दुनिया में नहीं हैं और जो सहपाठी या परिचित हैं, उन्हें ‘कक्काजी’ के बिछुड़ने का दुख जीवन भर सालता रहेगा।

हास्य-व्यंग्य के लिए ‘ठिठोली पुरस्कार’
कविताओं की लाइन लिखते-लिखते न जाने कब श्री चतुर्वेदी राज्य और फिर राष्ट्रीय स्तर के कवि बन गए। उन्होंने न सिर्फ कविताएं लिखीं, बल्कि गोपाल व्यास, काका हाथरसी और हुल्लड़ मुरादाबादी की काव्य परंपरा को विकसित करने में भी योगदान दिया। उनकी कई कृतियां प्रकाशित हुईं, जिनमें से एक ‘चल गई’ पूरी दुनिया में खूब चली। इसके लिए उन्हें ‘काका हाथरसी सम्मान’ और ‘ठिठोली पुरस्कार’ भी मिल चुका है।





अपने विचार यहां लिखें
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: