HomeNewsChhattisgarhBilaspur Bilaspur

जगमगाया बाजार

बिलासपुर.festiv भले ही दीपावली को अभी 10-12 दिन शेष है, लेकिन मार्केट में इसका उत्साह अभी से ही साफ देखी जा सकता है। व्यापारी अनेक आफरों और लेटेस्ट स्टाक के साथ जबरदस्त ग्राहकी की उम्मीद कर रहे हैं। पिछले साल की तुलना में कीमतों में बढ़ोत्तरी न होने से व्यापारी खासे उत्साहित हैं। ग्राहकों को रिझाने के लिए आटोमोबाइल व इलेक्ट्रानिक्स कंपनियों ने आफरों की झड़ी लगा दी है।

7 नवंबर को धनतेरस और 9 नवंबर को पड़ने वाली दीपावली के लिए बाजार पूरी तरह से तैयार है। पिछले साल धनतेरस, दीपावली व रवि पुष्य योग को मिलाकर लगभग 55 करोड़ रुपए का व्यापार हुआ था। इस वर्ष बाजार के रुख को देखते हुए व्यापारी इसमें 10 से 15 फीसदी का इजाफा होने का अनुमान लगा रहे हैं।

बाजार विशेषज्ञों की मानें तो इस वर्ष धनतेरस, दीपावली व गुरु पुष्य योग को मिलाकर शहर में लगभग 65 करोड़ रुपए का व्यापार हो जाएगा। सराफा बाजार भी बाजार की स्थिति को देखते हुए काफी आशान्वित है।

बाजार विशेषज्ञों का मानना है कि डालर के मुकाबले रुपए के मजबूत होने की वजह से इस बार इंपोर्टेड वस्तुओं की कीमतों में काफी कमी आई है। प्रतिस्पर्धा की वजह से देसी कंपनियों ने भी अपनी कीमत गिरा दी है। ऐन दीपावली के पहले बाजार की इस उथल-पुथल का सीधा लाभ उपभोक्ताओं को मिलेगा। वहीं दूसरी ओर ग्राहकी अधिक होने से व्यापारी वर्ग भी मुनाफे की उम्मीद बांधे बैठा है।

कार बाजार ने पकड़ी रफ्तार:
मारुति कार के डीलर सत्या आटोमोबाइल्स के संचालक प्रमोद खेड़िया ने बताया कि इस वर्ष कार बाजार में जबरदस्त उठाव है। दीपावली आने में अभी काफी समय है, लेकिन अभी से ही अधिकांश माडलों के लिए वेटिंग लिस्ट बननी शुरू हो गई है। ग्राहकों की मांग बढ़ती ही जा रही है और इसे पूरा करने के लिए हमें भी काफी मेहनत करनी पड़ रही है।

उन्होंने बताया कि रुझान को देखते हुए दीपावली तक वे 500 से अधिक कारों की चाबी ग्राहकों को सौंप चुके होंगे। आशीष आटोमोबाइल्स के संचालक आशीष अग्रवाल ने बताया कि इस वर्ष कार बाजार में खासी तेजी है। 1 नवंबर के बाद से मार्केट के और भी बढ़ने की उम्मीद है।

ग्राहक ज्यादातर छोटी गाड़ियां पसंद करते हैं, लेकिन साथ ही नए फीचर्स से लैस सफारी के लेटेस्ट माडल को भी काफी पसंद किया जा रहा है। जल्द ही कंपनी ग्राहकों के लिए विशेष स्कीम लांच करने वाली है, जिसमें कैश छूट के साथ आकर्षक पुरस्कार भी दिए जाएंगे।

मिडिल क्लास की फेवरेट सवारी:
आटोमोबाइल मार्केट में एक बहुत बड़ा शेयर दुपहिया वाहनांे का होता है। इसका मध्यम वर्ग से सीधा जुड़ाव है। त्रिपुर बजाज के संचालक देवेन्द्र अग्रवाल ने बताया कि बाजार के रुख को देखते हुए वे दीपावली तक लगभग 1 हजार टू-व्हीलर्स की बिक्री कर चुके होंगे। उन्होंने बताया कि पल्सर का लेटेस्ट माडल वर्तमान में युवाओं की पहली पसंद बन गया है। वहीं प्लेटिना को हर वर्ग द्वारा पसंद किया जा रहा है। अभी प्लेटिना में 4 हजार रुपए की नगद छूट दी जा रही है।

चंद्र टीवीएस के संचालक कैलाश तिवारी ने बताया कि दीपावली को देखते हुए उन्होंने विशेष तैयारी पूरी कर ली है। ग्राहकों के लिए अनेक लुभावनी योजनाएं शुरू की जा रही हैं। उन्होंने बताया कि स्कूटी पेप प्लस युवतियों और अपाचे युवाओं को रिझा रही है।

इसके अलावा कंपनी के अन्य वाहनों को भी काफी पसंद किया जा रहा है। टर्न ओवर की दृष्टि से पिछले कई वर्षो से आटोमोबाइल सेगमेंट ने पूरे मार्केट को पीछे छोड़ दिया है। इस वर्ष भी आटोमोबाइल्स के बाजार में छाए रहने की पूरी संभावना है।

महिलाओं की पहली पसंद एंटीक ज्वेलरी:
दीपावली का पर्व सोने-चांदी के बगैर अधूरा ही है। मां लक्ष्मी के इस पर्व में सराफा बाजार अपनी ऊंचाइयों पर रहता है। इस वर्ष भी व्यवसायी दीप पर्व से खासी उम्मीद बांधे बैठे हैं। शाह जवाहर लाल जेठालाल के संचालक जिगनेश शाह ने बताया कि ट्रेंड को देखते हुए एंटीक ज्वेलरी की ही सबसे ज्यादा बिक्री होने की उम्मीद है।

वर्तमान में महिलाएं इसे ही सबसे ज्यादा पसंद कर रही हैं। उन्होंने बताया कि पिछले दिनों सोने की कीमतों में इजाफा हुआ, लेकिन इसका मार्केट पर कोई असर नहीं पड़ेगा। केंद्रीय कर्मचारियों को इस वर्ष बोनस अधिक मिलने से बाजार और भी अच्छा रहने की उम्मीद है। महेंद्र ज्वेलर्स के संचालक प्रवीण सलूजा ने बताया कि पहले तो लोग धनतेरस के ही दिन खरीदी करने आते थे, लेकिन अब लोग भीड़-भाड़ और परेशानी से बचने के लिए पहले से बुकिंग करा लेते हैं।

अभी से धनतेरस के लिए बुकिंग शुरू हो गई है। लोग उस दिन केवल सामान लेने आते हैं। उन्होंने बताया कि अब शहर में लोगों का डायमंड की ओर रुझान काफी बढ़ गया है। उच्च वर्ग के साथ मिडिल क्लास भी डायमंड की ओर आकर्षित है।

इसके अलावा पारंपरिक रूप से लक्ष्मी-गणोश की मूर्ति, चांदी के सिक्के आदि की भी बिक्री होगी। पिछले कुछ वर्षो में चांदी की ट्रेंडी मूर्तियों और गिफ्ट्स की भी काफी मांग है। उन्होंने इस दीपावली अच्छी बिक्री की संभावना जताई।

बाजार पर छाया चाइना फर्नीचर:
फर्नीचर बाजार में इस बार चाइनीज प्रोडक्ट्स ने धूम मचाई है। गणोश ट्रेडिंग कंपनी के संचालक गणोश अग्रवाल ने बताया कि कीमत में देसी फर्नीचरों के बराबर होने की वजह से ग्राहक इन्हें काफी पसंद कर रहे हैं। साथ ही ये फर्नीचर चमक-दमक में भी देसी फर्नीचरों की तुलना में काफी आगे हैं। वर्तमान में बाजार में चाइनीज फर्नीचरों की खासी मांग है।

उन्हांेने बताया कि वुडन फर्नीचर की कीमत पिछले साल की तुलना में जस की तस है। इस वजह से मार्केट काफी अच्छा रहने की संभावना है। टुटेजा फर्नीचर के संचालक कमल टुटेजा ने बताया कि दीपावली को देखते हुए शो रूम में अनेक आकर्षक डिजाइन के फर्नीचर रखे गए हैं। इसमें बच्चों का बेडरूम सेट शहर के लिए एकदम नया माडल है। इसे लोगों द्वारा काफी पसंद किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि वर्तमान में फर्नीचरों पर 20 फीसदी की छूट दी जा रही है।

नक्षत्रों के राजा के लिए खास तैयारी
दीपावली से ऐन पहले 1 नवंबर को नक्षत्रों का राजा पुष्य योग पड़ रहा है। गुरुवार को पड़ने के कारण इसका महत्व और भी अधिक है। गुरु पुष्य योग को खरीदी के लिए काफी शुभ माना जाता है। ज्योतिषियों के मुताबिक इस मुहूर्त में चांदी, सोना, वाहन, इलेक्ट्रानिक्स आइटम, मोबाइल और बहीखातों की खरीदारी काफी शुभ होती है। इस दिन की गई खरीदी चिरस्थायी और समृद्धिकारक मानी जाती है।

लक्ष्मी प्राप्ति, खरीदारी व समृद्धि दायक माने जाने वाले इस योग में बाजार में बूम होने की संभावना है। व्यापारी इस दिन के लिए धनतेरस की ही तरह तैयारी कर रहे हैं। लोगों में भी इस नक्षत्र को लेकर खासा उत्साह है, जिसे देखकर संभावना व्यक्त की जा रही है कि इस दिन वाकई में बाजार नई ऊंचाइयां छुएगा।

इलेक्ट्रानिक्स भी पीछे नहीं
आटोमोबाइल्स भले ही टर्न ओवर का सरताज हो, लेकिन इलेक्ट्रानिक्स भी ज्यादा पीछे नहीं है। रोजमर्रा की जरूरत और कस्टमर फ्रेंडली एप्लाइंसेस होने की वजह से ग्राहकों की नजर इस सेगमेंट पर जरूर रहती है। दीपावली पर धमाकेदार बिक्री के लिए मार्केट में जोर-शोर से तैयारियां चल रही हैं। कंपनियां खिलौना बंदूक, स्क्रेच कार्ड, पटाखा फोड़ो सहित अनेक नए लुभावने आफर लेकर ग्राहकों को रिझाने की पूरी तैयारी में हैं।

टुटेजा इलेक्ट्रानिक्स के संचालक कमल टुटेजा ने बताया कि इस दीपावली सबसे महत्वपूर्ण बात यह है कि पिछले साल अक्टूबर माह की तुलना में इस वर्ष इलेक्ट्रानिक वस्तुओं की कीमत में 10 से 15 फीसदी की गिरावट आ गई है।

एलसीडी की कीमत तो पिछले वर्ष से लगभग 35 फीसदी तक कम हो गई है। वहीं वाशिंग मशीन, टीवी, फ्रीज आदि के रेट में भी कमी आई है। कुल मिलाकर यह दीपावली ग्राहकों के लिए अनेक सौगात लेकर आई है। आकाश स्टोर्स के संचालक विवेक अग्रवाल ने बताया कि घटती कीमतों ने बाजार में प्रतिस्पर्धा को और भी बढ़ा दिया है।





अपने विचार यहां लिखें
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: