HomeNewsMetrosJaipur Jaipur

बड़ा फेरबदल

जयपुर. राज्य सरकार ने सोमवार को 19 आईएएस और 26 आईपीएस अफसरों के तबादले कर दिए। आईएएस में सात प्रमुख सचिव भी शामिल है। जयपुर और भरतपुर के संभागीय आयुक्त तथा कोटा और उदयपुर के कलेक्टर बदल दिए गए हैं। आईपीएस तबादलों में चार जिलों के एसपी इधर-उधर किए गए हैं।

तबादलों से प्रभावित आईपीएस अफसरों में तीन डीजी, सात एडीजी, 10 आईजी तथा 2 डीआईजी भी हैं। कोटा शहर, चूरू, भरतपुर, श्रीगंगानगर और सीकर के एसपी बदले हैं। श्रीगंगानगर की एसपी विनीता ठाकुर को एपीओ कर दिया गया है। उनकी जगह आनंदकुमार वशिष्ठ को लगाया गया है। सीकर एसपी का पद खाली रह गया है।

आईएएस में बदलाव :
श्रीमती आशासिंह को पशुपालन विभाग में प्रमुख सचिव लगाया गया है। अब तक यह पद भार कृषि विभाग के प्रमुख सचिव आशीष बहुगुणा के पास ही था। जनजाति क्षेत्रीय विकास विभाग में प्रमुख सचिव उमराव सालोदिया को सिविल सेवा अपील प्राधिकरण में भेजा गया है।

जनजाति क्षेत्रीय विकास विभाग के प्रमुख सचिव का दायित्व अब सामाजिक न्याय विभाग की प्रमुख सचिव मालोविका पंवार के पास रहेगा। आशासिंह के जाने से खाली हुए सामाजिक सुरक्षा विभाग के प्रमुख सचिव का कार्यभार भी पंवार को ही सौंपा गया है। अब तक एपीओ चल रहीं नीलिमा जौहरी को स्पिन फैड में सीएमडी लगाया गया है।

इन तबादलों से प्रभावित होने वालों में कार्मिक विभाग के सचिव मुकेश शर्मा भी हैं। वे इस पद पर पौने चार साल से थे। उन्हें आयुक्त वाणिज्य कर बनाया गया है। उनकी जगह अब संजय मल्होत्रा लेंगे। राजहंस उपाध्याय को राजफैड में सीएमडी लगाया गया है। वे अब तक आरसीडीएफ में एमडी थे।

आईपीएस में बदलाव
अब तक भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो के डीजी पीके तिवारी नए जेल महानिदेशक होंगे, जबकि उनकी जगह केएस बैंस को भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो का महानिदेशक बनाया गया है। केंद्र से लौटे एचसी मीणा गृह रक्षा एवं नागरिक सुरक्षा में महानिदेशक होंगे।

डीजी होमगार्ड के पद पर केंद्र से लौटे एचसी मीणा को लगाया गया है। यह पद 30 सितंबर को रामजीवन मीणा के सेवानिवृत होने से खाली हुआ है। श्रीगंगानगर की एसपी विनीता ठाकुर को पद स्थापन की प्रतीक्षा में रखा गया है। श्रीगंगानगर में आलोक कुमार वशिष्ठ को एसपी लगाने से अब सीकर एसपी का पद खाली रह गया है।

दिनेश एमएन बहाल
राज्य सरकार ने 1995 बैच के आईपीएस अधिकारी दिनेश एमएन को सोमवार को बहाल कर दिया। उन्हें सोहराबुद्दीन फर्जी मुठभेड़ मामले में गुजरात के दो अन्य पुलिस अधिकारियों डीजी वंजारा व राजकुमार पांडियन के साथ गिरफ्तार किया गया था। इसके बाद उन्हें 24 अप्रैल को निलंबित किया गया था। जेल से वे 6 अक्टूबर को रिहा हुए।

राज्य सरकार के कार्मिक विभाग ने दिनेश एमएन की बहाली करते हुए उन्हें फिलहाल कोई पोस्टिंग नहीं दी है। गिरफ्तारी से पहले दिनेश एमएन अलवर के एसपी थे। इससे पहले 88 बैच के आईपीएस के. नरसिंहा राव भी बहाली के बाद एपीओ हैं। उनको तेलगी प्रकरण में सीबीआई द्वारा गिरफ्तार कर लिए जाने के बाद निलंबित कर दिया गया था।





अपने विचार यहां लिखें
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: