नंगल. अकाली नेता जोगिंदर सिंह पर लगा बलात्कार का आरोप उलझता जा रहा है। महिला के आरोप पर पुलिस की जांच जारी रहने के बीच आरोपी जोगिंदर ने कहा है कि उन्होंने बलात्कार नहीं किया है, बल्कि महिला के पति की सहमति से उन्होंने शादी की थी। नेता ने यह भी कहा है कि जायदाद को लेकर बात बिगड़ गई, जिसके बाद महिला ने उनके खिलाफ आरोप लगाया है।
उधर, कांगड़ा जिला के उपरली दाड़ी की रहने वाली अनुराधा ने सोमवार को कहा कि यदि पुलिस ने उसकी शिकायत पर शीघ्र कार्रवाई नहीं की तो वह अकाली नेता की दुकान के आगे आत्मदाह कर लेगी।
अनुराधा ने नंगल के अकाली दल के एससी बीसी शाखा के महासचिव जोगिन्दर के खिलाफ थाने में शिकायत सौंपी थी कि वह 4 महीने तक उसके साथ बलात्कार करता रहा। महिला का कहना है कि उसकी शिकायत पर कार्रवाई करने की बजाय पुलिस उल्टा उसी पर शिकायत वापस लेने का दबाव बना रही है।
जोगिंदर सिंह बोले-वह मेरी पत्नी है
जोगिंदर सिंह ने महिला के आरोपों को नकारते हुए कहा कि अनुराधा के पति राजिन्द्र कुमार की सहमति के बाद उन्होंने बाकायदा शादी की है और अनुराधा बतौर पत्नी मेरे साथ पिछले 4 महीने से रह रही थी।
जोगिंदर ने कहा कि उसकी पत्नी को गुजरे 4 साल हो गए हैं। अपनी बात साबित करने के लिए जोगिन्दर ने अनुराधा के साथ शादी की कुछ तस्वीरें मीडिया को दी हैं। जोगिंदर ने बताया कि कुछ दिनों बाद अनुराधा अपने पहले पति और बच्चों को भी यहां ले आई और उसे बलैकमेल करना शुरू कर दिया। उसने 65 हजार रुपए व मकान उसके नाम करने की मांग रखी, जिन्हें पूरा नहीं करने पर वह अपने परिवार समेत चली गई और शिकायत दर्ज करा दी।