रईया. स्टेट बैंक आफ पटियाला बाबा बकाला शाखा में तैनात कांस्टेबल ने नशे में धुत्त होकर सोमवार सुबह नौ बजे दो भाइयों को गोली मार दी। उन्हें सिविल अस्पताल में दाखिल कराया गया है। गोली चलाने के करीब सवा घंटे बाद तक कोई पुलिस कर्मचारी मौके पर नहीं पहुंचा। इसकी शिकायत पर एसएसपी अमृतसर देहाती ने एडिशनल थाना प्रभारी ब्यास, बाबा बकाला पुलिस चौकी के मुंशी और दो अन्य कांस्टेबलों को निलंबित कर दिया। बैंक की सुरक्षा में तैनात कांस्टेबल जौहन पीटर निवासी वडाला ने अपनी एसएलआर से बैंक के सामने अपनी दुकान पर बैठे दो सगे भाइयों पर फायरिंग कर दी। गोली राजिंदर सिंह की दाईं बाजू और उसके बड़े भाई सुरिंदर सिंह की छाती में लगी। परिजनों और स्थानीय लोगों ने दोनों भाइयों को सिविल अस्पताल बाबा बकाला में दाखिल करवाया।
सवा घंटे बाद पहुंची पुलिस घटना के सवा घंटे बाद पुलिस मौके पर पहुंची, जबकि घटनास्थल से पुलिस चौकी की दूरी आधे किमी से भी कम है। इससे लोग काफी नाराज हुए। करीब 11.15 बजे एसएसपी अमृतसर देहाती इकबाल सिंह मौके पर पहुंचे तो लोगों और पत्रकारों ने पुलिस की कारगुजारी की शिकायत उनसे की।
इससे खफा होकर उन्होंने डयूटी में लापरवाही बरतने वाले सुरक्षा कर्मियों के इंचार्ज महिंदर सिंह, थाना ब्यास के एडिशनल प्रभारी देवराज, बाबा बकाला पुलिस चौकी के मुंशी लखबीर सिंह और दो अन्य कांस्टेबलों को निलंबित कर दिया।
प्रारंभिक जांच में पता चला है कि उसने नशे में गोली चलाई है। बाकी मामले की जांच की जा रही है। उसके खिलाफ हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर लिया गया है। - इकबाल सिंह, एसएसपी, अमृतसर देहाती