बीकानेर. पलाना और देशनोक के बीच ट्रक और कार की भिड़ंत में नोखा व्यवसायी रामकिशन राठी की मौत हो गई। देशनोक पुलिस थाने के एसएचओ धीरेन्द्रसिंह ने बताया कि व्यवसायी रामकिशन राठी (46) इंडिका कार में सवार होकर नोखा से बीकानेर जा रहे थे।
दिन में करीब 3.30 बजे पलाना और देशनोक के बीच बीकानेर से नोखा की ओर जा रहे ट्रक व कार में आमने-सामने की भिड़ंत हो गई। व्यवसायी राठी गंभीर रूप से घायल हो गए और पीबीएम अस्पताल में उनकी मौत हो गई। घटना के बाद ट्रक चालक गाड़ी छोड़कर फरार हो गया।
पुलिस ने मृतक राठी के शव का पोस्टमार्टम करवाकर उसे परिजनों को सौंप दिया है। नोखा निवासी ओमप्रकाश कोठारी की ओर से ट्रक चालक के खिलाफ देशनोक पुलिस थाने में प्राथमिकी दर्ज करवाई गई है। पुलिस ने ट्रक जप्त कर लिया है और चालक की तलाश की जा रही है।
हादसे की सूचना मिलते ही लोग पीबीएम अस्पताल पहुंचने लगे। अस्पताल के बाहर भारी भीड़ जमा हो गई। जिला प्रमुख रामेश्वर डूडी, देहात कांग्रेस अध्यक्ष लक्ष्मण कड़वासरा, आसकरण भट्टड़, मोहनलाल राठी, पांचू के हरिकिशन राठी सहित कई सरपंच और कस्बे के लोग अस्पताल पहुंच गए।