HomeNewsRajasthanBikaner Bikaner

बाजारों में लग रहे नए ट्रांसफार्मर

बीकानेर. दीपावली पर शहर की बिजली व्यवस्था को पुख्ता रखने के लिए डिस्कॉम का मेंटीनेंस अभियान इन दिनों जोरों पर है। डिस्कॉम ने इस अभियान को पांच नवंबर तक पूरा करने का लक्ष्य बनाया है।

शहर में अधिक लोड वाले स्थानों का चयन कर अतिरिक्त ट्रांसफार्मर लगाए जा रहे है ताकि सजावट के दौरान ट्रांसफार्मरों को नुकसान नहीं पहुंचे। इस कार्य को योजनाबद्ध तरीके से पूरा करने के लिए डिस्कॉम के बीकानेर वृत्त के एसई एम.एस. चौहान ने सभी अभियंताओं की संयुक्त बैठक भी बुलाई थी।

डिस्कॉम का विशेष ध्यान व्यापारिक क्षेत्रों की अधिक है। दीपावली पर बीकानेर के अधिक व्यापारिक स्थलों पर सजावट की जाती है। इसका सीधा असर संबंधित क्षेत्र के ट्रांसफार्मर पर पड़ता है।

कोटगेट, केईएम रोड, तौलियासर भैरूंजी की गली, स्टेशन रोड, जस्सूसरगेट, नत्थूसर गेट, पंचशती सर्किल, तेलीवाड़ा, बड़ा बाजार, चौखूंटी, गजनेर रोड आदि क्षेत्रों में लगे ट्रांसफार्मरों की सारसंभाल करने के साथ-साथ इन क्षेत्रों में अतिरिक्त ट्रांसफार्मर भी लगाए जा रहे है। मेंटीनेस के लिए बीकानेर में प्रतिदिन चार से लेकर 6 घंटे की कटौती की जा रही है।

सोमवार को रतनबिहारी पार्क के सामने नया ट्रांसफार्मर लगाया गया। ऐसा ही एक ट्रांसफार्मर फड़बाजार में भी लगाना प्रस्तावित है। पहले जहां ट्रांसफार्मर बदलने में कई घंटे लगते थे वहीं अब यह अवधि दो से तीन घंटे तक सीमित हो गया है।

डिस्कॉम ने एक वाहन खरीदा है जिस पर ट्रांसफार्मर बदलने और नया लगाने की सारी सुविधाएं हैं। इस कारण ट्रांसफार्मर रखने के बाद केवल केबल जोड़ने का काम बचता है। एसई चौहान ने बताया कि पांच नवंबर तक मेंटीनेस का कार्य पूरा कर लिया जाएगा। इसके अलावा छह से 10 नवंबर तक एक दर्जन से अधिक ट्रांसफार्मर तैयार रखे जाएंगे ताकि आपात स्थिति में बदला जा सके।

खंजाची मार्केट चिंता का कारण
डिस्कॉम की सबसे अधिक चिंता का कारण खंचाजी मार्केट की विद्युत आपूर्ति व्यवस्था है। विगत एक साल में यहां पर दो बार शार्टसर्किट हो चुका है और समय रहते चेतने के कारण बड़ा हादसा टल गया। इस बार भी डिस्कॉम प्रबंधन ने समय रहते मार्केट के प्रबंधकों को चेता दिया है।

हाल ही में व्यापारियों और प्रबध्ांन से डिस्कॉम अधिकारियों की वार्ता भी हुई जिसमें यह तय हुआ है कि डिस्कॉम मार्केट के बाहर नया ट्रांसफार्मर लगा दे, अंदर की विद्युत व्यवस्था का जिम्मा व्यापारियों और मार्केट प्रबंधन का होगा। इसके बाद डिस्कॉम ने नया ट्रांसफार्मर लगाने का कार्य शुरू कर दिया है।





अपने विचार यहां लिखें
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: