लाडवा (कुरुक्षेत्र). लाडवा अनाजमंडी के आढ़ती विरेन्द्र से दस लाख की चौथ मांगने का मामला सामने आया है। बदमाशों के धमकी भरे फोन आने के बाद से आढ़ती व उसका परिवार दहशत में है। लाडवा पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने संबंधित मोबाइल नं. को ट्रेस कर लिया है। आरोपियों को पकड़ने के लिए पुलिस ने जाल बिछाया है। मगर समाचार लिखे जाने तक कोई सफलता नहीं मिली थी।
बेटे को मारने की धमकी :
आढ़ती के मोबाइल पर शनिवार को धमकी भरा फोन आया, इसके बाद लैंडलाइन फोन से चौथ मांगी गई। बदमाशों ने धमकी दी कि यदि दस लाख रुपए नहीं दिए तो उसके बेटे, जोकि दिल्ली गया है को गोली मार देंगे। हालांकि, उसका बेटा सकुशल दिल्ली से घर लौट आया। इसके बाद दोबारा फिर फोन आया और चौथ की रकम अदा करने को कहा। रादौर रोड पर बुलाया : फोन करने वालों ने आढ़ती को रुपए लेकर रादौर रोड पर कुंजल के निकट बुलाया। पुलिस को न बताने की धमकी भी दी, लेकिन आढ़ती ने पुलिस को सूचना दे दी।
‘पुलिस को बताकर अच्छा नहीं किया’ बाद में बदमाशों ने फोन किया और कहा कि उसने पुलिस को बताकर अच्छा नहीं किया। थाना प्रभारी राजकुमार के मुताबिक उक्त नंबर करनाल वासी रिंकू नामक एक युवक का निकला। उक्त युवक आपराधिक गतिविधियों में लिप्त है। उसके खिलाफ लाडवा में पूर्व में भी एक मामला दर्ज है।