bhaskar Web English
HomeNewsNational National

नंदीग्राम फिर भड़का, पत्रकारों पर हमला

नंदीग्राम. सत्ताधारी मार्क्‍सवादी कम्युनिस्ट पार्टी और भूमि उच्छेद प्रतिरोध समिति के समर्थन वाली तृणमूल कांग्रेस के बीच द्वंद्व स्थल बन चुके नंदीग्राम में सप्ताहांत में पांच मौतों के बाद मंगलवार को ताजा हिंसा के समाचार हैं।

नंदीग्राम पुलिस थाने के अधिकारी ने कहा है कि शॉतेंगाबाड़ी और रानीचक मे गोलीबारी हुई है और सोमवार रात से शुरू इस घटना में अब तक किसी के घायल होने की रिपोर्ट नहीं है। वहीं, प्रतिरोध समिति का दावा है कि सीपीआईएम ने 10 घरों में मंगलवार को आग लगा दी है। तृणमूल नेता शिशिर अधिकारी ने कहा है कि उनके एक समर्थक को गोली लगी है और वह अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

वहीं, बंगाली टीवी चैनल ने कहा है कि नंदीग्राम हिंसा में चार पत्रकारों पर भी हमला किया गया लेकिन वे जान बचाने में कामयाब रहे। इन पत्रकारों में इंडिया टुडे का एक और एक बंगाली दैनिक के पत्रकार भी शामिल थे। चैनल ने कहा है कि मंगलवार को इस क्षेत्र में चार जुलूस भी निकाले गए और बंदूकों का संघर्ष जारी है।

तृणमूल नेता पर चली गोली :
पहले ममता बनर्जी द्वारा अपने अंगरक्षक पर गोली चलाए जाने के दावे के बाद तृणमूल कांग्रेस के नेता पार्था चटर्जी ने आज दावा किया है कि नंदीग्राम के रास्ते में उन पर देसी बंदूक से फायर किया गया। चटर्जी ने कहा कि एक भीड़ ने उनकी कार को रोककर तोड़फोड़ की और फायर किया। कोलकाता के आईजीपी राज कनौजिया का कहना है कि वे इस मामले की तफ्तीश कर रहे हैं।





अपने विचार यहां लिखें
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: